समय-सीमा के भीतर निर्माण पूरा कर इलाज शुरू कराने की मांग

दरभंगा, 7 अक्टूबर 2026। दरभंगा एम्स बनाओ अभियान, नागरिक समाज, दरभंगा के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिला पदाधिकारी, दरभंगा के माध्यम से राष्ट्रपति, भारत सरकार, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री निशांत कुमार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से दरभंगा एम्स का भवन निर्माण प्रधानमंत्री द्वारा घोषित समय-सीमा के भीतर पूरा कर अस्पताल में इलाज शुरू कराने की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल में अभियान के संयोजक उमेश राय, सीपीआई के जिला सचिव नारायण जी झा तथा सीपीएम के जिला सचिव मंटू ठाकुर शामिल थे।
अभियान के नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 नवंबर 2024 को दरभंगा एम्स का निर्माण तीन वर्ष की समय-सीमा के भीतर पूरा कर इलाज शुरू कराने की घोषणा की थी। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि लगभग दो वर्ष बीत जाने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है और भवन निर्माण का टेंडर भी अब तक नहीं होने से उत्तर बिहार के लोगों में निराशा है।
नागरिक समाज ने कहा कि दरभंगा एम्स उत्तर बिहार के लोगों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। निर्माण में हो रही देरी से आम लोगों में सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर 2026 को सामूहिक उपवास के माध्यम से भी केंद्र सरकार से दरभंगा एम्स का निर्माण कार्य अविलंब शुरू कराने की मांग की गई थी।
अभियान से जुड़े नेताओं ने सरकार से मांग की कि दरभंगा एम्स के निर्माण में हो रही देरी को समाप्त करते हुए निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए और प्रधानमंत्री द्वारा घोषित समय-सीमा के भीतर अस्पताल में इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि दरभंगा एम्स के निर्माण को लेकर इसी तरह विलंब जारी रहा तो उत्तर बिहार की जनता लोकतांत्रिक तरीके से इसका विरोध करेगी।
Author: Mr.M.H. Khan











