मुख्यमंत्री के दरभंगा आगमन पर  किसान महासभा ने निकाला विरोध प्रदर्शन, अधिकारी के माध्यम से मांग पत्र सौंपा, किसानों ने उठाए ज्वलंत मुद्दा 

​दरभंगा: अखिल भारतीय किसान महासभा की दरभंगा जिला परिषद के एक प्रतिमंडल ने मुख्यमंत्री के दरभंगा आगमन के अवसर पर किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मांग पत्र सौंपा है। महासभा ने उम्मीद जताई है कि मुख्यमंत्री केवल घोषणाओं तक सीमित न रहकर जिले के किसानों और बंटाईदारों की जमीनी समस्याओं का ठोस व सकारात्मक समाधान करेंगे।

​प्रतिनिधिमंडल द्वारा सौंपा गया मांग पत्र में प्रमुख रूप से निम्नलिखित मुद्दे शामिल किए गए हैं:

  • ​खाद की कालाबाजारी और वितरण व्यवस्था: रबी की बुआई के समय खाद की किल्लत और कालाबाजारी का मुद्दा उठाते हुए कहा गया कि 1350 रुपये की डीएपी 2200 से 2300 रुपये तथा 266 रुपये वाली खाद 450 से 500 रुपये में खरीदने को किसान-बंटाईदार मजबूर हैं। खाद की ऑनलाइन व्यवस्था को किसानों के लिए परेशानी का सबब बताते हुए मांग की गई है कि पूर्व की तरह आधार आधारित व्यवस्था से निर्धारित दर और जरूरत के अनुसार खाद उपलब्ध कराई जाए।
  • ​बीज गड़बड़ी पर कार्रवाई और मुआवजा: पिछले वर्ष वितरित सरकारी गेहूं के बीज के अंकुरित न होने की घटना का जिक्र करते हुए कहा गया कि कृषि विभाग की जांच में गड़बड़ी प्रमाणित होने के बावजूद दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ित किसानों को मुआवजा नहीं मिला है। दोषियों पर कार्रवाई, नुकसान का मुआवजा और गेहूं बीज पर समाप्त की गई सब्सिडी बहाल करने की मांग की गई है।
  • ​धान की सरकारी खरीद और बोनस: भीषण सूखे के बावजूद कड़ी मेहनत से उपजाए गए धान को औने-पौने दाम (1300-1400 रुपये प्रति क्विंटल) पर बेचने की मजबूरी बताते हुए तत्काल सरकारी धान खरीद शुरू करने और एमएसपी (MSP) के अतिरिक्त 500 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देने की मांग की गई है।
  • ​भूमि अधिग्रहण और मुआवजा: भारतमाला सड़क परियोजना समेत अन्य विकास योजनाओं के तहत कम मुआवजा मिलने पर असंतोष जताते हुए कहा गया कि 20 लाख रुपये प्रति कट्ठा की जमीन के बदले मात्र 3 से 4 लाख रुपये दिए जा रहे हैं। भूमि अधिग्रहण कानून 2013 के तहत वर्तमान बाजार मूल्य का चार गुना मुआवजा सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
  • ​बागमती बांध परियोजना: बागमती बांध परियोजना से हनुमाननगर, बहादुरपुर और हायाघाट प्रखंडों के लोगों के विस्थापन की आशंका जताते हुए दरभंगा में इसके निर्माण पर रोक लगाने तथा परियोजना की समीक्षा समिति को अधिक सक्रिय व मजबूत बनाने की मांग की गई है।
  • ​सैटेलाइट टाउनशिप: सैटेलाइट टाउनशिप के नाम पर किसानों की जमीन लिए जाने की योजना पर रोक लगाने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई है।

​अंत में किसान महासभा के प्रतिमंडल ने सभी मांगों पर शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई करने का आग्रह किया।

Darpan 24 News
Author: Darpan 24 News


Leave a Comment

और पढ़ें