दरभंगा:_ बहादुरपुर प्रखंड के बाजीतपुर पंचायत के रघेपुरा, असगांव, मनोरा एवं पोखरसामा सहित संपूर्ण पंचायत को दरभंगा नगर निगम में शामिल किए जाने की प्रस्तावित प्रक्रिया को समाजसेवी राजेश कुमार पासवान ने विरोध किया है। उन्होंने जिलाधिकारी, दरभंगा एवं मुख्य सचिव, बिहार सरकार को आवेदन देकर पंचायत को यथावत ग्राम पंचायत में रखने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बाजीतपुर क्षेत्र मूल रूप से कृषि-प्रधान ग्रामीण इलाका है। यहां बड़ी मात्रा में कृषि भूमि है तथा ग्रामीणों की आजीविका मुख्य रूप से खेती एवं उससे जुड़ी गतिविधियों पर निर्भर है। श्री पासवान ने कहा कि नगर निगम में शामिल करने से पहले क्षेत्र की भौगोलिक, सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति को देखते हुए निर्णय लेना चाहिए। इसमें जनसंख्या, कृषि भूमि, आबादी का घनत्व, आजीविका एवं उपलब्ध शहरी सुविधाओं का आकलन किया जाए। उन्होंने कहा कि पंचायत निर्धारित मानकों के अनुरूप नगर निगम के शर्तें पूरी नहीं करती है, बाजितपुर को ग्राम पंचायत के रूप में ही बनाए रखा जाए। उन्होंने स्थानीय जनता की आपत्तियों पर विचार करने की भी मांग की है। आगर जिला प्रशासन हमारी मांगों को नहीं मानती है तो चरणबद्ध तरीके से आंदोलन किया जाएगा।

Author: Darpan 24 News











