पर्व-त्योहारों को लेकर मद्यनिषेध विभाग की सख्त कार्रवाई, करीब पौने दो लाख की 142.500 लीटर विदेशी शराब के साथ Renault Duster कार जब्त आधुनिक भारत के निर्माता पंडित जवाहरलाल नेहरू की 137वीं जयंती पर कांग्रेसजनों ने किया नमन, उनके विचारों और आदर्शों को आत्मसात करने का लिया संकल्प संत घाट पर छठ महापर्व की तैयारियों का जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने लिया जायजा बच्चों के चरित्र और संस्कार से ही बनेगा सशक्त राष्ट्र : अजीत कुमार मिश्र छठ महापर्व से पहले छावनी ओवरब्रिज की रोशनी व्यवस्था में आई तकनीकी खामी, कम क्षमता और खराब लाइटों से श्रद्धालुओं की बढ़ी चिंता कौम की हमदर्दी का दावा करने से पहले अपने सियासी फैसलों के नतीजों पर भी गौर करें: अशरफ अहमद

बच्चों के चरित्र और संस्कार से ही बनेगा सशक्त राष्ट्र : अजीत कुमार मिश्र

वृहद आश्रय गृह भराठी में बाल दिवस पर संरक्षण सप्ताह का शुभारंभ, बच्चों के साथ संवाद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित

 

दरभंगा, 14 नवंबर। बाल दिवस के अवसर पर वृहद आश्रय गृह, भराठी के सभागार में आवासित बालक एवं बालिकाओं के बीच संरक्षण सप्ताह का शुभारंभ करते हुए बाल दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात बालिकाओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।

कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति के सदस्य अजीत कुमार मिश्र ने बच्चों के साथ संवाद करते हुए कहा कि बच्चों पर ही उनके परिवार, समाज और राष्ट्र का भविष्य निर्भर करता है। बच्चे बीज के समान हैं, जिस प्रकार का बीज होगा, उसी प्रकार का पौधा विकसित होगा। इसलिए बच्चों में अच्छे संस्कार, नैतिक मूल्य, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने बच्चों से अपनी कमियों को पहचानकर उन्हें दूर करने, समाज की मुख्यधारा से जुड़ने तथा एक सुखद जीवन, समरस समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी राष्ट्र की वास्तविक पूंजी केवल उसके प्राकृतिक और आर्थिक संसाधन नहीं, बल्कि चरित्रवान, शिक्षित एवं जिम्मेदार युवा होते हैं।

बाल कल्याण समिति के सदस्य संदीप कुमार झा ने प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाल दिवस हमें बच्चों के प्रति प्रेम, सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी का स्मरण कराता है। उन्होंने बच्चों को उनके चार प्रमुख अधिकारों—जीवन, संरक्षण, विकास और सहभागिता—के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी।

अतिथि के रूप में उपस्थित विद्वान शिक्षिका कुमारी भारती रंजन ने कहा कि सपनों में ही भविष्य के इतिहास की पहली इबारत लिखी जाती है। उन्होंने कविता के माध्यम से बच्चों को प्रेरित किया तथा समाज में घटित हो रही घटनाओं के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराते हुए उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ने का मार्गदर्शन दिया।

वहीं, विद्वान शिक्षक एवं गायत्री परिवार से जुड़े बृजनंदन शर्मा ने संगीत के माध्यम से बच्चों का मनोरंजन किया तथा उन्हें नैतिकता, अनुशासन और आध्यात्मिक मूल्यों का महत्व समझाया।

इस अवसर पर बच्चों ने भी पूरे उत्साह और बेबाकी से अपनी बातें रखीं तथा गायन की प्रस्तुति दी। अतिथियों द्वारा बच्चों के बीच बिस्कुट, टॉफी, कॉपी और कलम वितरित कर बाल दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम का संचालन एवं स्वागत भाषण बाल गृह के अधीक्षक दीपक कुमार सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बालिका गृह की अधीक्षिका कंचन झा ने किया। इस अवसर पर प्रोवेशन पदाधिकारी राघव ठाकुर सहित आश्रय गृह के सभी आवासित बालक एवं बालिकाएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि बच्चों को केवल संरक्षण और सुविधाएं देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें सम्मान, शिक्षा, अवसर और आत्मविश्वास देकर जीवन में आगे बढ़ने के लिए सक्षम बनाना भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।


Leave a Comment

और पढ़ें