दरभंगा:_ विद्यापति सेवा संस्थान के तत्वावधान में आगामी 22, 23 एवं 24 तारीख को डॉ नागेन्द्र झा स्टेडियम में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय मिथिला विभूति पर्व के 54वें वार्षिक समारोह के उद्घाटन कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन की तैयारी की समीक्षा को लेकर आयोजन समिति के सदस्यों, विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के पदाधिकारी की समीक्षा बैठक बुधवार को कार्यक्रम स्थल डॉ. नागेन्द्र झा स्टेडियम में हुई। बैठक में विभिन्न विषयों पर गहन विचार विमर्श करते हुए समारोह को यादगार बनाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। बैठक में निर्णय हुआ कि इस आयोजन में पूर्व की भांति मिथिला की गौरवशाली परंपरा, संस्कृति, खान-पान एवं धरोहर से आम जन को परिचित कराने पर मुख्य फोकस होगा और विभिन्न दीर्घा के लोग इसे पूरा करने में तन मन धन से अपना योगदान देंगे।


संस्थान के महासचिव डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने बताया कि सांस्कृतिक एवं साहित्यिक संरक्षण एवं संवर्धन के लिए उपयुक्त माहौल तैयार करने के साथ ही मिथिला की गौरवशाली विरासत से नई पीढ़ी को रूबरू कराने के उद्देश्य से बैठक में अनेक रणनीति तैयार की गई। उन्होंने बताया कि समारोह में मिथिला पेंटिंग एवं मिथिला की धरोहर कलाकृतियों को प्रदर्शित करने वाली आकर्षक प्रदर्शनी के साथ साथ मिथिला के लजीज व्यंजनों का स्टाल भी लगाया जाएगा। जबकि इस ऐतिहासिक अवसर पर मिथिला के विभूतियों की कीर्ति के प्रदर्शन सहित विभिन्न दीर्घाओं का नामकरण उनके नाम पर किया जाएगा।जबकि इस सांस्कृतिक महाकुंभ में आम मिथिलावासी के साथ अनेक प्रवासी मैथिल इस अवसर पर अपनी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ायेंगे।
Author: Darpan 24 News










