
बिहार के दरभंगा में लूट की एक बड़ी साजिश का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, सिमरी थाना क्षेत्र में चांदी के कारोबारियों को निशाना बनाकर लूट की योजना बनाई गई थी। लेकिन पुलिस की तत्परता से इस कथित साजिश का पर्दाफाश हो गया।
इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, गिरफ्तार आरोपियों के पास से करीब 62 किलो 40 ग्राम चांदी जैसी धातु, 5 लाख 94 हजार 100 रुपये नकद, दो चारपहिया वाहन और कई मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
दरअसल, दरभंगा पुलिस की ओर से 10 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 7 नवंबर की रात करीब 10 से 11 बजे के बीच सिमरी थाना क्षेत्र में लूट की एक घटना हुई थी।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधियों ने पश्चिम बंगाल के एक सर्राफा कारोबारी की गाड़ी को निशाना बनाकर लूट की योजना तैयार की है। इस योजना के तहत कारोबारी की गाड़ी को रास्ते में रोककर हथियार के बल पर लूटपाट करने की तैयारी थी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। इसके बाद गुप्त सूचना के सत्यापन और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर छापेमारी शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर की रात करीब 9 बजकर 30 मिनट पर रामभद्रपुर चौक के पास एक संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार पांच अपराधियों ने पुलिस की गाड़ी का पीछा किया और उसे रोकने की कोशिश की। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया।
इसके बाद पुलिस ने केवटी इलाके में छापेमारी कर छोटू कुमार यादव को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, उसकी निशानदेही पर अन्य आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली।
इस मामले में पुलिस ने विशाल महराठे उर्फ विक्की, धीरज सोनी, सतोष कुमार साह और तेजस अभिषेक चन्द्र सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की जांच में सामने आया कि पश्चिम बंगाल के सर्राफा कारोबारियों की गाड़ियों की रेकी की जा रही थी। आरोपियों की कथित योजना थी कि कारोबारी की गाड़ी को रोककर उसमें रखे कीमती सामान और नकदी को लूट लिया जाए।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक टाटा टिगोर और एक मारुति स्विफ्ट कार बरामद की। इसके अलावा अलग-अलग बैगों से चांदी जैसी धातु के छोटे-बड़े कुल 62 किलो 40 ग्राम बिस्कुट, 5 लाख 94 हजार 100 रुपये नकद और OPPO, VIVO तथा REDMI कंपनी के मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।
पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है, जिस पर 7.65 एमएम और KF अंकित बताया गया है।
दरभंगा पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से बरामद मोबाइल फोन और अन्य सामान की जांच की जा रही है। मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी जारी है।
इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। अब देखना होगा कि इस कथित लूट की साजिश में और कितने लोगों की संलिप्तता सामने आती है।

Author: Mr.M.H. Khan










