छठ घाटों से भी गूंजेगा नशामुक्ति का संदेश।

नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी जरूरी: जिला पदाधिकारी।
जागरूकता कार्यक्रमों को बनाएं और अधिक प्रभावी।
जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न।
नशामुक्ति अभियान के प्रचार-प्रसार में लाएं तेजी लाने का निर्देश।
बेतिया:_ जिले में नशामुक्ति अभियान को और प्रभावी बनाने तथा आमजन की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी श्री तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में आज कार्यालय प्रकोष्ठ में बैठक आयोजित की गई। बैठक में नशामुक्ति के प्रति लोगों को जागरूक करने, विभिन्न माध्यमों से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि नशामुक्ति केवल एक प्रशासनिक अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ, सुरक्षित एवं सशक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प है। इसके लिए आवश्यक है कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक नशे के दुष्परिणामों का संदेश पहुंचाया जाए तथा अधिकाधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ा जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि जिले में संचालित नशामुक्ति संबंधी विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों को और अधिक गति एवं प्रभावशीलता के साथ आयोजित किया जाए। महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रमों का फेसबुक लाइव भी कराया जाए, ताकि कार्यक्रमों का संदेश अधिकाधिक लोगों तक पहुंच सके। साथ ही, प्रस्तावित कार्यक्रमों की तिथियों का पूर्व से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन की अधिकाधिक भागीदारी हो सके।
जिला पदाधिकारी ने छठ महापर्व के अवसर पर घाटों पर भी नशामुक्ति अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ घाटों पर फ्लैक्स, बैनर, स्टैंडी सहित अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए नशामुक्ति का संदेश प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाए, ताकि पर्व में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों तक यह संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचे।
बैठक में अधीक्षक, मद्य निषेध सीमा चैरसिया, जिला परिवहन पदाधिकारी अमित राज, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी राकेश कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
Author: Mr.M.H. Khan










