आमंत्रण देने गये प्रतिनिधिमंडल को सीएम ने दी सहमति

सीएम के कार्यक्रम के मद्देनजर ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय परिसर स्थित डॉ नागेन्द्र झा स्टेडियम में आयोजन पर होगा विचार
विद्यापति सेवा संस्थान के तत्वावधान में आगामी 22, 23 एवं 24 तारीख को आयोजित होने वाले तीन दिवसीय 54वें मिथिला विभूति पर्व समारोह का उद्घाटन प्रदेश के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे। सीएम को आमंत्रण देने सोमवार को गए संस्थान के प्रतिनिधि मंडल को मुख्यमंत्री ने इस बाबत अपनी सहमति दी। दरभंगा नगर विधायक सह प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी की अगुवाई में सीम को आमंत्रित करने गए प्रतिनिधि मंडल में संस्थान के महासचिव डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू, सचिव प्रो जीवकांत मिश्र एवं मीडिया संयोजक डॉ प्रवीण कुमार झा शामिल थे। जानकारी देते हुए संस्थान के महासचिव डा बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने बताया कि मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने इस सांस्कृतिक महाकुंभ का शुभारंभ अपने कर-कमलों से करने की स्वीकृति देते हुए इस ऐतिहासिक आयोजन में स्वयं की भागीदारी को गौरवपूर्ण बताया। प्रतिनिधि मंडल से मैथिली में बात करते हुए उन्होंने कहा कि मिथिला संस्कारों, लोक व्यवहारों एवं विचारों की भूमि सदियों से रहती आई है। यह ना सिर्फ अवतारों की भूमि रही है, बल्कि हमेशा से दर्शन व सूजन की भूमि के रूप में भी इसकी विश्व स्तर पर ख्याति रही है। हमें इस बात का गुमान है कि यह पावन मिथिला हमारी मातृभूमि है।
उन्होंने बताया कि उद्घाटन समारोह में सीएम की उपस्थिति के मद्देनजर सोमवार को तत्काल दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं पुलिस अधीक्षक ने स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एमएलएसएम कॉलेज परिसर को सीएम के कार्यक्रम के हिसाब से अनुपयुक्त बताया है। देर शाम संस्थान के प्रतिनिधिमंडल से लंबी वार्ता के बाद सुरक्षा एवं अन्य प्रशासनिक असुविधा को देखते हुए इस बार तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय परिसर स्थित डॉ नागेन्द्र झा स्टेडियम में किए जाने पर गहन विमर्श किया जा रहा है।
Author: Mr.M.H. Khan










