बेतिया:_ जब पूरा देश दीपावली के दीयों की रोशनी में नहाया होता है और घरों में खुशियों की मिठास घुल रही होती है, तब एक वर्ग ऐसा भी होता है जो अपनों से दूर, सड़कों और चौराहों पर मुस्तैद खड़ा रहता है हमारी पुलिस। दीपावली हो या छठ, आम लोगों के त्योहार सुरक्षित और खुशहाल रहें, इसके लिए खाकी वर्दी वाले अक्सर अपने घर नहीं जा पाते और परिवार के साथ खुशियां मनाने से वंचित रह जाते हैं। लेकिन इस बार दीपावली पर बेतिया में एक ऐसा अद्भुत और भावुक दृश्य देखने को मिला, जिसने वर्दी के रौब से परे उसके मानवीय चेहरे को सामने ला दिया।
परिवार से दूर रहने की कसक को पीछे छोड़ते हुए, बेतिया के पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम ने अपनी दीपावली उन लोगों के नाम कर दी, जिनका इस दुनिया में कोई नहीं है। एसपी कुमार गौतम ने वृद्धाश्रम और अनाथालय पहुंचकर बुजुर्गों और अनाथ बच्चों के साथ दीपावली मनाई। एक तरफ जहां लोग अपने घरों में त्योहार मना रहे थे, वहीं जिले के सबसे बड़े पुलिस अधिकारी का इन बेसहारा लोगों के बीच बैठकर खुशियां बांटना एक बड़ी मिसाल बन गया।
यह कोई पहला मौका नहीं है जब एसपी कुमार गौतम ने इस तरह की संवेदनशीलता दिखाई हो। इससे पहले दशहरा पूजा के दौरान भी वे स्वयं वृद्धाश्रम के बुजुर्गों और अनाथ बच्चों को मेला घुमाने के लिए निकले थे। उनके इस आत्मीय व्यवहार की सराहना पूरे बिहार में हुई थी।


लगातार दूसरी बार त्योहारों पर इन उपेक्षित चेहरों पर मुस्कान लाकर एसपी कुमार गौतम ने यह साबित कर दिया है कि पुलिसिंग का मतलब सिर्फ डंडा चलाना या कानून-व्यवस्था संभालना नहीं है, बल्कि समाज के सबसे कमजोर तबके का संबल बनना भी है। खाकी के इस मानवीय रूप ने न केवल बेसहारा लोगों को अपनत्व का एहसास कराया है, बल्कि पूरे प्रशासनिक महकमे के सामने एक शानदार नजीर भी पेश की है।
Author: Mr.M.H. Khan










