डीएम ने किया जीएमसीएच का औचक निरीक्षण, मरीजों से फीडबैक लेकर व्यवस्थाएं सुधारने के दिए सख्त निर्देश

बेतिया। पश्चिम चंपारण के जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने मंगलवार को गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल , बेतिया का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सर्जरी ओपीडी, मेडिसिन ओपीडी, आईसीयू, मेल एवं फीमेल मेडिसिन वार्ड, इमरजेंसी वार्ड, डायलिसिस वार्ड और ईसीजी रूम सहित अस्पताल के विभिन्न महत्वपूर्ण प्रभागों का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में डीएम ने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, संसाधनों और साफ-सफाई की स्थिति की गहन समीक्षा की।

जिला पदाधिकारी ने विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधा संवाद स्थापित कर अस्पताल प्रबंधन द्वारा दी जा रही सुविधाओं, जांच व्यवस्था और मुफ्त दवाओं के वितरण के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने परिजनों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीएम ने अस्पताल परिसर और सभी वार्डों में उच्च स्तरीय स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने आवश्यकतानुसार भवनों के रंग-रोगन और नियमित रख-रखाव का कार्य कराने का निर्देश दिया, ताकि मरीजों को स्वच्छ व सकारात्मक वातावरण मिल सके। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के उद्देश्य से उन्होंने अस्पताल के सभी सीसीटीवी कैमरों को 24 घंटे क्रियाशील रखने और उनकी नियमित निगरानी करने को कहा।

जिला पदाधिकारी ने जीएमसीएच प्रशासन को स्पष्ट हिदायत दी कि अस्पताल की व्यवस्थाओं की नियमित आंतरिक समीक्षा की जाए और स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार लाया जाए। निरीक्षण के दौरान नगर निगम बेतिया की नगर आयुक्त सुश्री शिवाक्षी दीक्षित, जीएमसीएच के अधीक्षक, प्राचार्य समेत कई वरिष्ठ चिकित्सक और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Darpan 24 News
Author: Darpan 24 News


Leave a Comment

और पढ़ें