
पटना:_बिहार पुलिस के आर्थिक अपराध प्रभाग ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड, पटना के महाप्रबंधक (तकनीकी) कमलेश कुमार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर आर्थिक अपराध इकाई थाने में 21 सितंबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कांड संख्या-24/26 दर्ज किया गया था। इसके बाद विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी वारंट हासिल कर 22 सितंबर को पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में उनके 4 अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई।


तलाशी के दौरान वैशाली जिले के जंदाहा स्थित सर्वोदय मैदान के पास कमलेश कुमार का एक भव्य G+2 मकान मिला है, जबकि एक अन्य आवासीय मकान निर्माणाधीन पाया गया है। वहीं पटना के राजीव नगर रोड नंबर-25C स्थित मेघा बिल्डिंग में लगभग 2.5 कट्ठा जमीन पर बना G+4 मकान भी सामने आया है। छापेमारी में एक इनोवा क्रिस्टा गाड़ी के मूल कागजात बरामद किए गए हैं, जिसके बेनामी होने की प्रबल आशंका है।
जांच पड़ताल में अभियुक्त एवं उनके परिजनों के एसबीआई, आईसीआईसीआई और एचडीएफसी बैंक में कुल 16 खातों का पता चला है, जिनमें मौजूद 25,86,661 रुपये को फ्रीज कराने की कार्रवाई की गई है। इसके अलावा आरोपी के बेटे के निजी मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई करने, एलआईसी तथा अन्य बीमा कंपनियों में भारी निवेश और बड़े पैमाने पर आभूषणों की खरीद से जुड़े दस्तावेज भी हाथ लगे हैं।
जांच एजेंसी के अनुसार, प्रथम दृष्टया कमलेश कुमार के पास उनके वैध स्रोतों से 3,12,51,000 रुपये (तीन करोड़ बारह लाख इकावन हजार रुपये) की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के पुख्ता साक्ष्य मिले हैं, जो उनकी ज्ञात आय से करीब 103.30 प्रतिशत अधिक है। बरामद दस्तावेजों की गहन जांच जारी है और अवैध संपत्ति के इस आंकड़े में आगे और इजाफा होने की संभावना जताई गई है। ईओयू द्वारा इस मामले और लोक सेवक के रूप में कर्तव्य के विचलन के संबंध में भवन निर्माण विभाग, बिहार को भी आधिकारिक रूप से अवगत कराया जा रहा है।
Author: Darpan 24 News










