मोतिहारी: _चर्चित जहरीली शराब कांड में मोतिहारी व्यवहार न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाते हुए चार अभियुक्तों को आजीवन कारावास और भारी जुर्माने की सजा सुनाई है। मोतिहारी पुलिस द्वारा प्रस्तुत ठोस साक्ष्य और चार्जशीट के आधार पर माननीय विशेष न्यायाधीश उत्पाद-1, मोतिहारी ने त्वरित विचारण के तहत यह सजा मुकर्रर की है।
जिन चार अभियुक्तों को सजा सुनाई गई है, उनमें तुर्कौलिया थाना क्षेत्र के जयसिंहपुर करमवा निवासी नवल किशोर उर्फ गब्बर यादव पिता- वीरेंद्र राय, सोहेल छपरा निवासी राजेश सहनी पिता- चरित्र सहनी, तथा कोटवा थाना क्षेत्र के दिपहु निवासी अजय कुमार यादव पिता- गौरीशंकर यादव और ललन यादव पिता- बीरबहादुर यादव शामिल हैं। यह मामला हरसिद्धि थाना क्षेत्र के एक चर्चित जहरीली शराब कांड से जुड़ा है।
अदालत ने इन सभी को जहरीली शराब के कारोबार और इससे जुड़े संगठित अपराध करने के आरोप में दोषी पाते हुए आजीवन कारावास और प्रत्येक को 5-5 लाख रुपये के मुख्य अर्थदंड सहित अन्य मामलों में भी अलग-अलग कारावास एवं लाखों रुपये के अतिरिक्त जुर्माने की सजा सुनाई है। इस मामले में विशेष लोक अभियोजक श्री अनील कुमार सिंह ने सरकार का पक्ष रखा, जबकि पुलिस निरीक्षक जय प्रकाश ने कांड का अनुसंधान किया था।
इस फैसले के बाद मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक मोहिबुल्लाह अंसारी ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि जिले में ड्रग्स तस्करों के बाद अब शराब माफियाओं के खिलाफ भी इसी तरह स्पीडी ट्रायल चलाकर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलवाई जाएगी।

Author: Darpan 24 News










