सड़क सुरक्षा को लेकर कांग्रेस जिला अध्यक्ष रंजीत पंडित ने उठाए सवाल


हाजीपुर :_ वैशाली जिले में सड़क दुर्घटनाओं के भयावह आंकड़ों को लेकर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रंजीत पंडित एवं मो. सद्दाम हुसैन ने वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा से मिलकर एवं जिला पदाधिकारी व जिला परिवहन पदाधिकारी को पत्र देकर सड़क सुरक्षा की मांग की है।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष रंजीत पंडित ने बताया कि यातायात थाना, हाजीपुर से प्राप्त आधिकारिक सूचना के अनुसार 12 अप्रैल 2025 से जुलाई 2026 तक 444 सड़क दुर्घटना कांड दर्ज हुए, जिसमें 464 लोगों की मृत्यु हुई और 44 लोग घायल हुए। यानी औसतन लगभग 29 दुर्घटनाएं और 30 मौतें प्रति माह दर्ज हुईं। रंजीत पंडित ने कहा कि इतने कम समय में 464 मौतों का आंकड़ा जिले की सड़क सुरक्षा व्यवस्था के लिए बेहद गंभीर चेतावनी है।

कांग्रेस नेता मो. सद्दाम हुसैन ने कहा कि यातायात थाना में दुर्घटनाओं का पंजीकरण 12 अप्रैल 2025 से शुरू हुआ है, इसलिए यह आंकड़ा जिले में होने वाली कुल दुर्घटनाओं का दीर्घकालीन आंकड़ा नहीं है। पिछले 10-20 वर्षों के थाना एवं विभागवार आंकड़े एकत्र कर वर्षवार और मार्गवार दुर्घटना-मृत्यु का वास्तविक आंकड़ा तैयार करने की भी मांग उन्होंने किया है।
रंजीत पंडित ने विशेष रूप से हाजीपुर-जंदाहा, हाजीपुर-महनार, हाजीपुर-महुआ एवं हाजीपुर-लालगंज मार्गों के संकीर्ण हिस्सों का सड़क सुरक्षा एवं यातायात क्षमता ऑडिट कराने तथा आवश्यकता के अनुसार इनके चौड़ीकरण की योजना बनाने की मांग की।
उन्होंने जंदाहा से अरनिया तक मुख्य सड़क के जर्जर एवं जलजमाव मुक्त करने की मांग के साथ देसरी के गाजीपुर चौक, महनार के मदन चौक तथा जंदाहा एवं महुआ के गांधी चौक पर जाम की समस्या के स्थायी समाधान की भी मांग की।
उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद कार्रवाई से अधिक जरूरी दुर्घटना रोकना है। इसके लिए ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने, अतिक्रमण हटाने, अवैध पार्किंग रोकने, पर्याप्त प्रकाश एवं रोड मार्किंग की व्यवस्था करने तथा प्रमुख संकीर्ण मार्गों के चौड़ीकरण की दिशा में समयबद्ध कार्रवाई आवश्यक है।
रंजीत पंडित एवं सद्दाम हुसैन ने कहा कि यदि सड़क सुरक्षा और दुर्घटना रोकथाम के लिए शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए गए तो कांग्रेस जनहित में आंदोलन करने को बाध्य होगी।
Author: Mr.M.H. Khan










