
दूसरे दिन अंडर-14, 17 एवं 19 आयु वर्ग में विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन


बेतिया :_ जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता-2026 के दूसरे दिन विभिन्न खेल विधाओं में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों के बीच अलग-अलग स्पर्धाओं में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
प्रतियोगिता के दौरान फुटबॉल, खो-खो, कबड्डी, एथलेटिक्स, भारोत्तोलन, कराटे, कुश्ती, शतरंज एवं बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया। खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय देते हुए बेहतर प्रदर्शन किया।
अंडर-14 बालक वर्ग फुटबॉल में केआर हाई स्कूल, बेतिया की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। पीएम श्री प्लस टू कुमारबाग, चनपटिया की टीम द्वितीय स्थान पर रही। दोनों टीमों के बीच हुए मुकाबले में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल और टीम भावना का प्रदर्शन किया।
अंडर-14 बालक वर्ग ऊंचीकूद स्पर्धा में केआर हाई स्कूल, बेतिया के रितिक शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी विद्यालय के दीपक कुमार द्वितीय तथा नोट्रे-डेम पब्लिक स्कूल, बेतिया के सत्यम कुमार तृतीय स्थान पर रहे।
वहीं, अंडर-19 बालिका वर्ग शतरंज प्रतियोगिता में संत माइकल एकेडमी की पलक यादव ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसी विद्यालय की तेजस्वी राज द्वितीय तथा प्लस टू बालिका विद्यालय, सिकटा की प्रतिमा कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न खेल स्पर्धाओं में 100 से अधिक खिलाड़ियों ने पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन के माध्यम से विद्यालय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें जिला एवं राज्य स्तर पर आगे बढ़ने के लिए मंच प्रदान किया जा रहा है। खिलाड़ियों के उत्साहपूर्ण प्रदर्शन से प्रतियोगिता स्थल पर पूरे दिन उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।
Author: Mr.M.H. Khan











