बगहा में आपसी विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग,उप मुखिया और वार्ड सदस्य को मारी गोली, मुखिया पर लगा आरोप,दो हिरासत में

 

 

बगहा के भैरोगंज में आपसी रंजिश और पंचायत विवाद को लेकर बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े गोलीबारी कर सनसनी फैला दी। इस वारदात में पंचायत के उप मुखिया अशोक दास और वार्ड सदस्य राधेश्याम राम को गोली मार दी गई। गोलीबारी के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों घायलों को आनन-फानन में बगहा अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच रेफर कर दिया।

गोलीबारी की इस दुस्साहसिक घटना का सीधा आरोप पंचायत के मुखिया मुन्ना दास पर लगा है। बताया जा रहा है कि पंचायत की विभिन्न विकास योजनाओं, कमीशन और विकास कार्यों को लेकर मुखिया और उप मुखिया के बीच लंबे समय से तनातनी और तीखा विरोध चल रहा था। घटना की सूचना मिलते ही जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो आक्रोशित ग्रामीणों और स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए *बगहा एसपी राजेश कुमार ने* बताया कि गोलीबारी में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली गई है और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बगहा एसडीपीओ निहार भूषण के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी कर रही है। वारदात के बाद से पूरे भैरोगंज इलाके में भारी तनाव बना हुआ है, जिसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

Darpan 24 News
Author: Darpan 24 News


Leave a Comment

और पढ़ें