
नालंदा में उत्पाद विभाग के सिपाही अजीत की मौत के मामले में बेहद चौंकाने वाला और सनसनीखेज मोड़ सामने आया है। पूरे प्रकरण की गहन जांच के बाद पुलिस प्रशासन ने उत्पाद विभाग की महिला दारोगा पुष्पा कुमारी समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें दो होमगार्ड जवान भी शामिल हैं। इन सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

जांच में सामने आए तथ्यों ने घटना की शुरुआती कहानी को पूरी तरह खारिज कर दिया है। सिपाही को गोली लगने के बाद शुरुआत में यह दावा किया गया था कि शराब तस्करों की तरफ से की गई फायरिंग में अजीत की जान गई। हालांकि, तकनीकी और फॉरेंसिक जांच में यह साफ हो गया कि शराब तस्करों वाली कहानी पूरी तरह मनगढ़ंत थी। असल में गोली उत्पाद विभाग की अपनी ही टीम में तैनात एक होमगार्ड जवान की राइफल से चली थी। इस बड़े खुलासे के बाद उत्पाद विभाग की कार्यशैली और मौके पर मौजूद पूरी टीम की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, वहीं पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
Author: Sanjay Kumar Sahni







