बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी कड़ी में निगरानी विभाग ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में ग्रामीण कार्य विभाग में छपरा में पदस्थापित अधीक्षण अभियंता चंद्रशेखर सिंह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. एसडीओ चंद्रशेखर सिंह के चार ठिकानों पर निगरानी विभाग ने दबिश दी है.

*SDO के कई ठिकानों पर एक साथ छापा*
छपरा में गुणवत्ता परीक्षण से जुड़े कार्यपालक अभियंता चंद्रशेखर सिंह के खिलाफ करीब 1.10 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है. गुरुवार, 15 अक्टूबर को निगरानी विभाग की टीम उनके चार ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चला रही है.
*13 अक्टूबर को दर्ज हुई थी प्राथमिकी*
निगरानी विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, चंद्रशेखर सिंह, पिता स्वर्गीय चंद्रदेव सिंह, के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में निगरानी थाना कांड संख्या 121/2026 दर्ज किया गया है. यह प्राथमिकी 13 अक्टूबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संशोधित धारा 13(2) धारा 13(1)(b) के तहत दर्ज की गई है. मामले के अनुसंधान के क्रम में निगरानी विभाग की विशेष टीम ने 15 अक्टूबर को उनके विभिन्न ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई शुरू की.
*सीनियर डीएसपी गौतम शरण ओमी ने की पुष्टि*
इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए पटना विजिलेंस के सीनियर डीएसपी गौतम शरण ओमी ने बताया कि चंद्रशेखर सिंह के विरुद्ध निगरानी थाना में आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है. इसी मामले के आधार पर उनके ठिकाने पर छापेमारी की जा रही है.उन्होंने बताया कि चंद्रशेखर सिंह ग्रामीण कार्य विभाग में अधीक्षण अभियंता के पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में छपरा में पदस्थापित हैं. उनके कटिहार स्थित पैतृक आवास पर जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिलने की जानकारी सामने आई है. टीम इन दस्तावेजों के आधार पर मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है. छापेमारी के दौरान अब तक जमीन की खरीद-बिक्री से संबंधित कई डीड बरामद किए गए हैं.
Author: Sanjay Kumar Sahni







