पश्चिम चंपारण: अवैध अस्पतालों व जांच केंद्रों पर नकेल, सीएस ने दिए सील करने और एफआईआर दर्ज करने के सख्त निर्देश

 

_बेतिया (पश्चिम चंपारण): जिले में बिना मानकों और अवैध रूप से संचालित हो रहे निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम, अल्ट्रासाउंड सेंटरों तथा जांच घरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। सिविल सर्जन डॉ. विजय कुमार ने जिले के सभी चिकित्सा पदाधिकारियों को कड़ा पत्र जारी करते हुए ऐसे सभी गैरकानूनी संस्थानों की जांच कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
सिविल सर्जन ने नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट किया है कि इससे पूर्व भी अवैध स्वास्थ्य केंद्रों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए बार-बार निर्देश दिए गए थे, लेकिन अब तक जांच के नाम पर केवल खानापूर्ति ही की जाती रही है। इस लापरवाही पर कड़ा संज्ञान लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जांचोपरांत अवैध पाए जाने वाले केंद्रों को तुरंत सील किया जाए और उनके संचालकों के विरुद्ध विधि-सम्मत कानूनी कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई जाए।
सीएस ने सभी चिकित्सा पदाधिकारियों को इस अभियान के तहत स्थानीय पुलिस प्रशासन और थानों से आवश्यक समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्रवाई करने को कहा है। इसके साथ ही, की गई पूरी कानूनी कार्रवाई और जब्ती का विस्तृत विवरण ससमय कार्यालय को उपलब्ध कराने का भी सख्त निर्देश दिया गया है। विभाग के इस कड़े आदेश के बाद जिले में अवैध रूप से स्वास्थ्य संस्थान चलाने वालों में हड़कंप मच गया है।

Darpan 24 News
Author: Darpan 24 News


Leave a Comment

और पढ़ें