रूपौली हत्याकांड में स्थानीय प्रशासन की भूमिका संदिग्ध, उच्चस्तरीयजांच कर हत्यारों की अविलंब गिरफ्तारी हो।

बिशनपुर थाना कांड संख्या 174/26 एवं मोरो थाना कांड संख्या 125/26 के नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार करने तथा स्थानीय थानों की संदिग्ध भूमिका की जांच कराने की मांग।

दरभंगा :_जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं, हत्या, अपराधियों के बढ़ते मनोबल और पुलिस-प्रशासन की निष्क्रियता के खिलाफ भाकपा(माले) आगामी 24 नवंबर को बिशनपुर चौक पर प्रतिवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आज पीड़ित परिवार के साथ आयोजित बैठक से यह निर्णय लिया गया। बैठक के हवाले से भाकपा(माले) के जिला सचिव बैद्यनाथ यादव ने कहा कि जिले में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन अपराधियों पर लगाम लगाने में विफल साबित हो रहा है। हत्या जैसी गंभीर घटनाओं में भी समय पर ठोस कार्रवाई नहीं होना बेहद चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि हनुमाननगर प्रखन के रूपौली हत्याकांड में स्थानीय प्रशासन की भूमिका कई सवाल खड़े कर रही है। इस पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा हत्याकांड में शामिल सभी अपराधियों की पहचान कर उन्हें अविलंब गिरफ्तार किया जाए। स्थानीय प्रशासन की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए, ताकि मामले में किसी प्रकार की लीपापोती न हो सके और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
बैद्यनाथ यादव ने विशेष रूप से बिशनपुर थाना कांड संख्या 174/26 एवं मोरो थाना कांड संख्या 125/26 का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों मामलों में नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी अब तक नहीं होना पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। इन मामलों में नामजद अभियुक्तों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए तथा संबंधित स्थानीय थानों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
उन्होंने कहा कि अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण और प्रशासनिक लापरवाही के कारण आम लोगों में भय का माहौल बन रहा है। कानून का राज स्थापित करने की जिम्मेदारी निभाने के बजाय यदि पुलिस प्रशासन अपराधियों के प्रति नरमी बरतेगा तो जनता का न्याय व्यवस्था से भरोसा कमजोर होगा।
भाकपा(माले) जिला सचिव के एसएसपी को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि रूपौली हत्याकांड की उच्चस्तरीय जांच, सभी संबंधित नामजद अभियुक्तों की अविलंब गिरफ्तारी तथा स्थानीय थाना की संदिग्ध भूमिका की जांच सुनिश्चित की जाए।
बैद्यनाथ यादव ने जिले के न्यायप्रिय नागरिकों, छात्र-युवाओं, किसानों, मजदूरों एवं आम जनता से 24 नवंबर को बिशनपुर में आयोजित प्रतिवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होकर बढ़ते अपराध के खिलाफ आवाज बुलंद करने की अपील की।
इस अवसर पर पीड़ित परिवार के अलावा हनुमाननगर प्रखंड सचिव पप्पू पासवान सहित कई लोग उपस्थित थे।
Author: Darpan 24 News










