
पटना:_ बिहार सरकार के गृह विभाग द्वारा जारी संकल्प के अनुसार, मधुबनी सदर की तत्कालीन अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (वर्तमान में अपर निदेशक-सह-सहायक राज्य अग्निशमन पदाधिकारी, पटना) कामिनी बाला को कर्तव्य में घोर शिथिलता बरतने और वरीय अधिकारियों पर निराधार आरोप लगाने के मामले में दोषी पाया गया है।
पूरा मामला वर्ष 2019 का है, जब मधुबनी के पुलिस अधीक्षक ने कामिनी बाला के कार्यकलापों को लेकर अपराध अनुसंधान विभाग को प्रतिवेदन भेजा था। रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ था कि उनके योगदान के समय क्षेत्र में अनुसंधान हेतु 407 विशेष प्रतिवेदन कांड लंबित थे, जो घटने के बजाय बढ़कर 503 हो गए। इसी तरह पर्यवेक्षण हेतु लंबित कांडों की संख्या भी 159 से बढ़कर 209 पर पहुंच गई। इसके अतिरिक्त, डकैती के कांडों के उद्भेदन में अभिरुचि न लेने, वित्तीय वर्ष 2018-19 में पोस्टों का संतोषजनक निरीक्षण न करने तथा 12 विभागीय कार्यवाहियों में से केवल 4 का ही निष्पादन करने जैसे गंभीर आरोप उन पर लगे थे।
इन आरोपों के आलोक में गृह विभाग द्वारा उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही संचालित की गई, जिसमें मद्य निषेध के पुलिस महानिरीक्षक आलोक राज को संचालन पदाधिकारी नियुक्त किया गया था। संचालन पदाधिकारी द्वारा समर्पित जांच प्रतिवेदन में कामिनी बाला पर लगे कुल 6 आरोपों में से 5 आरोपों को प्रमाणित पाया गया।


जांच रिपोर्ट के बाद जब विभाग ने उनसे द्वितीय कारण पृच्छा की मांग की, तो कामिनी बाला ने आरोपों का बिंदुवार जवाब देने के बजाय पूरी कार्यवाही को दुर्भावनापूर्ण बताते हुए वरीय अधिकारियों पर ही फर्जीवाड़े के आरोप लगा दिए। गृह विभाग ने अपने संकल्प में माना है कि आरोपी पदाधिकारी द्वारा समर्पित लिखित बचाव की भाषा शालीन नहीं है और यह बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली-1976 के नियम-2 के उल्लंघन की श्रेणी में आता है। अंततः विभाग ने संचालन पदाधिकारी की जांच रिपोर्ट और बचाव अभिकथन की समीक्षा के उपरांत पुलिस उपाधीक्षक कामिनी बाला को प्रतिवेदित आरोपों के लिए दोषी सिद्ध करार दिया है।

Author: Darpan 24 News










