बेतिया :_ भारत और नेपाल के होम्योपैथिक चिकित्सकों के बीच आपसी सहयोग, ज्ञान-विज्ञान के आदान-प्रदान एवं चिकित्सा क्षेत्र में नवीन शोध को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आगामी 1 नवंबर को नेपाल के भैरहवा (लुम्बिनी) स्थित मौर्य होटल में भव्य इंडो-नेपाल होम्योपैथिक सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का संयोजन आयुष मेडिकल एसोसिएशन, बिहार द्वारा किया जा रहा है।

सेमिनार का उद्घाटन नेपाल के माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्री दीपेन्द्र कुमार पुन मगर के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा। इस आयोजन में भारत एवं नेपाल के बड़ी संख्या में प्रतिष्ठित होम्योपैथिक चिकित्सकों, विशेषज्ञों एवं शोधकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम के दौरान होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति के विकास, नवीन शोध, उपचार संबंधी अनुभवों तथा चिकित्सा क्षेत्र की चुनौतियों पर सार्थक चर्चा होगी।
इस अवसर पर पश्चिम चंपारण के बेतिया निवासी प्रसिद्ध होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. संजय कुमार को होम्योपैथी के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय कार्य एवं शोध के लिए विशेष अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उनके चिकित्सकीय योगदान और निरंतर प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि डॉ. संजय कुमार इस अंतरराष्ट्रीय सेमिनार के सफल आयोजन में ऑर्गेनाइजर सदस्य के रूप में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। आयोजन की तैयारियों में उनकी सहभागिता भारत और नेपाल के चिकित्सकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
आयोजकों को उम्मीद है कि यह सेमिनार दोनों देशों के होम्योपैथिक चिकित्सकों के बीच ज्ञान, अनुभव एवं शोध के आदान-प्रदान का सशक्त मंच बनेगा तथा होम्योपैथिक चिकित्सा के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
डॉ. संजय कुमार को मिलने वाले इस सम्मान की खबर से बेतिया एवं पश्चिम चंपारण जिले के होम्योपैथिक चिकित्सकों, सहयोगियों और शुभचिंतकों में हर्ष एवं उत्साह का माहौल है। सभी ने उन्हें इस उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
Author: Mr.M.H. Khan










