अभियान बसेरा-2 के पात्र भूमिहीन परिवार अंचल कार्यालय में ही जमा करें आवेदन।

 

बेतिया। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार, पटना के निर्देश के आलोक में अभियान बसेरा-2 के तहत सर्वेक्षित वैसे परिवार, जिन्हें अब तक बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र अथवा वासभूमि उपलब्ध नहीं कराई जा सकी है, उन्हें विशेष अभियान चलाकर वासभूमि उपलब्ध कराई जानी है।

 

इस संबंध में जिला पदाधिकारी, श्री तरनजोत सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि अभियान बसेरा-2 के तहत सर्वेक्षित/असर्वेक्षित वैसे पात्र भूमिहीन परिवार, जिन्हें अब तक भूमि उपलब्ध नहीं कराई जा सकी है, वे अपना आवेदन-पत्र एवं आवश्यक कागजात अपने संबंधित अंचल कार्यालय में ही जमा करें। इसके लिए लाभुकों को जिला मुख्यालय, बेतिया अथवा राज्य मुख्यालय, पटना जाने की आवश्यकता नहीं है।

 

जिला पदाधिकारी ने सभी अंचलाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी एवं जिला कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि वे अपने अधीनस्थ राजस्व कर्मचारियों एवं विकास मित्रों के साथ बैठक कर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग के पात्र भूमिहीन परिवारों को अंचल कार्यालय में आवेदन जमा करने हेतु आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएं।

 

जिला पदाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया है कि यदि किसी व्यक्ति अथवा संस्था द्वारा आमलोगों को दिग्भ्रमित कर पश्चिम चम्पारण से राज्य मुख्यालय, पटना भेजे जाने की बात संज्ञान में आती है, तो ऐसे व्यक्ति अथवा संस्था को चिन्हित करते हुए संबंधित अंचलाधिकारी द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।

 

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को उक्त आदेश का प्राथमिकता के आधार पर अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

Darpan 24 News
Author: Darpan 24 News


Leave a Comment

और पढ़ें