पं. राजकुमार शुक्ल की जयंती अब मनेगी राजकीय समारोह के रूप में, बिहार कैबिनेट ने दी मंजूरी

 

पटना / बेतिया:_बिहार सरकार ने स्वतंत्रता संग्राम के अग्रणी सेनानी और ऐतिहासिक चम्पारण सत्याग्रह के सूत्रधार पंडित राजकुमार शुक्ल को बड़ा सम्मान दिया है। राज्य कैबिनेट ने उनकी जयंती को प्रत्येक वर्ष राजकीय समारोह के रूप में मनाने के प्रस्ताव पर अंतिम मुहर लगा दी है।

मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग द्वारा पेश किए गए इस प्रस्ताव के अनुसार, अब हर साल 23 अगस्त को पश्चिमी चम्पारण जिले में पंडित राजकुमार शुक्ल की जयंती राजकीय स्तर पर धूमधाम से आयोजित की जाएगी। कैबिनेट की बैठक में इस एजेंडे को आधिकारिक तौर पर स्वीकृति दे दी गई है।

गौरतलब है कि पंडित राजकुमार शुक्ल ही वह महान विभूति थे, जिन्होंने महात्मा गांधी को चम्पारण के नीलहों के अत्याचार और किसानों की बदहाली से अवगत कराया था और उन्हें चम्पारण आने के लिए प्रेरित किया था। उनके इस ऐतिहासिक योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से सरकार ने यह निर्णय लिया है। सरकार के इस कदम के बाद पश्चिमी चम्पारण समेत पूरे प्रदेश में खुशी और उत्साह का माहौल है।

Darpan 24 News
Author: Darpan 24 News


Leave a Comment

और पढ़ें