रिश्वत लेते डीटीओ कार्यालय के डाटा एंट्री ऑपरेटर को निगरानी टीम ने किया गिरफ्तार

 

सुपौल:_ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सुपौल जिला परिवहन कार्यालय में पदस्थापित डाटा एंट्री ऑपरेटर नन्दलाल महतो को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 23 सितंबर 2026 को निगरानी थाना कांड संख्या 112/26 के तहत की गई।

निगरानी ब्यूरो के अनुसार, शिकायतकर्ता मो. अजहर अली, निवासी मधुबनी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने महाराष्ट्र से खरीदी गई वैगनआर कार का बिहार में रजिस्ट्रेशन कराने के लिए जिला परिवहन कार्यालय, सुपौल में आवेदन दिया था। आरोप है कि वाहन का बिहार रजिस्ट्रेशन नंबर जारी करने के एवज में डाटा एंट्री ऑपरेटर द्वारा 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।

शिकायत का सत्यापन निगरानी ब्यूरो की टीम द्वारा किया गया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद निगरानी विभाग ने कार्रवाई के लिए धावा दल का गठन किया। इसके बाद टीम ने जिला परिवहन कार्यालय, सुपौल में कार्रवाई करते हुए नन्दलाल महतो को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई और उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए विशेष न्यायालय, निगरानी, भागलपुर के समक्ष प्रस्तुत किए जाने की बात प्रेस विज्ञप्ति में कही गई है।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के मुताबिक, वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के विरुद्ध यह 112वां प्राथमिक कांड दर्ज करने की कार्रवाई है। इनमें रिश्वत से जुड़े 103 मामलों में अब तक 103 अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी गई है। ब्यूरो के अनुसार इन मामलों में रिश्वत की कुल 37 लाख 37 हजार 800 रुपये की राशि बरामद की गई है। इसके अलावा एक नई वॉशिंग मशीन भी बरामद होने का उल्लेख प्रेस विज्ञप्ति में किया गया है।

निगरानी ब्यूरो ने कहा है कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी है और मामले में आगे का अनुसंधान किया जा रहा है।

Darpan 24 News
Author: Darpan 24 News


Leave a Comment

और पढ़ें