दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में डॉ धर्मेश रंजन करेंगे नामांकन 

दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में चुनावी हलचल तेज हो गई है। शिक्षाविद डॉ. धर्मांश रंजन उर्फ अंकुर ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में उतरने का ऐलान किया है।

डॉ. रंजन के मुताबिक, वह पिछले करीब दो वर्षों से चुनाव की तैयारी के साथ क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं। इस दौरान दरभंगा के साथ-साथ मधुबनी, समस्तीपुर और बेगूसराय के विभिन्न क्षेत्रों में स्नातक मतदाताओं, शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों से संवाद किया गया।

 

उनके प्रमुख मुद्दों में उच्च शिक्षा, कॉलेजों में PG की पढ़ाई, पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति, बेहतर प्रयोगशालाएं, जरूरी शैक्षणिक संसाधन, खेल सुविधाएं और नियमित पढ़ाई शामिल हैं। वहीं छात्रों के लिए लाइब्रेरी, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, रोजगार और कौशल विकास के अवसरों को मजबूत करने की बात भी उन्होंने कही है।

 

डॉ. धर्मांश रंजन ने शिक्षा के क्षेत्र में अपने अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि होली मिशन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस करीब 40 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहा है और पिछले लगभग 15 वर्षों से वह स्वयं संस्थाओं की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उनके अनुसार, शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिए उन्हें देश-विदेश में विभिन्न सम्मान भी प्राप्त हुए हैं।

 

डॉ. रंजन ने कहा कि समाज के लिए जो भी बेहतर कार्य संभव होगा, उसके लिए वह पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें अवसर मिलता है तो शिक्षा, रोजगार, शिक्षक और समाज की शैक्षणिक जरूरतों के लिए वह कदम से कदम मिलाकर काम करेंगे।

 

डॉ. रंजन के अनुसार, अक्टूबर के पहले सप्ताह में नामांकन दाखिल करने की तैयारी है।

 

अब देखना होगा कि नामांकन के बाद चुनावी मैदान में कौन-कौन से प्रत्याशी सामने आते हैं और शिक्षा, रोजगार एवं स्नातकों से जुड़े मुद्दे चुनावी चर्चा को किस दिशा में ले जाते हैं।

Darpan 24 News
Author: Darpan 24 News


Leave a Comment

और पढ़ें