
बेतिया :_मझौलिया थाना क्षेत्र के धोकराहा पंचायत के वार्ड नंबर 2 स्थित नुनिया टोला में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक उजले रंग की कार से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से करीब एक क्विंटल 18 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद करने के साथ ही एक कारोबारी को गिरफ्तार किया है।


गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान बथलर थाना क्षेत्र के कुरूम टोला वार्ड नंबर 9 निवासी शंकर यादव के पुत्र श्याम कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने नुनिया टोला में बांस के समीप संदिग्ध अवस्था में खड़ी उजले रंग की कार की जांच की। तलाशी के दौरान कार से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया।
इस दौरान पुलिस ने मौके से एक संदिग्ध कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया। बरामद गांजा और कार को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। मामले की जानकारी देते हुए मझौलिया थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया है तथा एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की कार्रवाई से क्षेत्र में गांजा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
Author: Darpan 24 News










