बिहार पेंशन दिवस पर 3.85 लाख से अधिक पेंशनधारियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से ₹45.59 करोड़ की राशि हस्तांतरित।

समाहरणालय सभागार में मुंगेर जिले में आयोजित माननीय मुख्यमंत्री के मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण

 

बेतिया:_ समाहरणालय सभागार में बिहार सरकार के समाज कल्याण विभाग द्वारा मुंगेर जिले में आयोजित माननीय मुख्यमंत्री के मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया।

इस दौरान माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों के खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण *(डीबीटी)* के माध्यम से ₹1,100 की मासिक पेंशन राशि हस्तांतरित की। राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक माह की 10 तारीख को पेंशन राशि लाभार्थियों के खातों में भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी श्री तरनजोत सिंह, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री अनिल कुमार सिन्हा, प्रभारी सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, DPO डीपीओ आईसीडीएस, सहायक निदेशक, दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग एवं बड़ी संख्या में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थी उपस्थित रहे।

 

इस अवसर पर पश्चिम चम्पारण जिले के 3,85,254 सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से ₹45,59,20,600 की पेंशन राशि हस्तांतरित की गई। इससे जिले के वृद्धजनों, दिव्यांगजनों एवं विधवा महिलाओं को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।

 

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री तरनजोत सिंह ने कहा कि बिहार सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि बढ़ाकर ₹1,100 प्रतिमाह किए जाने तथा प्रत्येक माह की 10 तारीख को डीबीटी के माध्यम से समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने का निर्णय समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जनकल्याणकारी पहल है। उन्होंने कहा कि वृद्धजन, दिव्यांगजन एवं विधवा महिलाओं के लिए यह राशि न केवल आर्थिक संबल प्रदान करेगी, बल्कि उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन-यापन में भी सहायता मिलेगी।

 

जिला पदाधिकारी ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं सरकार की संवेदनशील एवं समावेशी सोच का प्रतीक हैं। जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि जिले के प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजना का लाभ समय पर प्राप्त हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभार्थियों के भुगतान की नियमित निगरानी करें तथा किसी भी प्रकार की तकनीकी अथवा प्रशासनिक समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।

 

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लाभार्थियों ने सरकार द्वारा पेंशन राशि में वृद्धि तथा समयबद्ध भुगतान की व्यवस्था के लिए प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे गरीब, वृद्ध, दिव्यांग एवं निराश्रित महिलाओं के हित में एक ऐतिहासिक और सराहनीय निर्णय बताया। कार्यक्रम का समापन लाभार्थियों एवं अधिकारियों द्वारा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।

Darpan 24 News
Author: Darpan 24 News


Leave a Comment

और पढ़ें