
विशेष संवाददाता, जहानाबाद :_ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जहानाबाद के सदर प्रखण्ड में तैनात मनरेगा के कनीय अभियंता (जेई) अमन कुमार को 20,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी जहानाबाद स्थित अम्बेडकर चौक के पास एक ढाबे से की गई।

मामले की जानकारी देते हुए निगरानी ब्यूरो के अधिकारियों ने बताया कि मखदुमपुर थाना क्षेत्र के कुमरडीह निवासी अशोक कुमार ने पटना स्थित निगरानी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। परिवादी के अनुसार, ग्राम पंचायत जामुक में मनरेगा के तहत 6,77,790 रुपये की तीन योजनाओं का कार्य पूरा कराया गया था। इन योजनाओं की मापी पुस्तिका (एमबी बुक) के सत्यापन के बदले कनीय अभियंता अमन कुमार द्वारा कुल राशि का 3 प्रतिशत (20,000 रुपये) रिश्वत के रूप में मांगा जा रहा था।

शिकायत दर्ज होने के बाद निगरानी टीम ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण सही पाया गया। इसके बाद निगरानी पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार दुबे के अनुरोध पर पुलिस उपाधीक्षक आसिफ इकबाल मेहदी के नेतृत्व में एक विशेष धावादल (ट्रैप टीम) का गठन किया गया।
मंगलवार को जैसे ही परिवादी ने अम्बेडकर चौक स्थित ढाबे में आरोपी कनीय अभियंता को रिश्वत की राशि सौंपी, घात लगाए बैठी निगरानी टीम ने उसे धर दबोचा। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जिसके बाद उसे पटना स्थित माननीय विशेष निगरानी न्यायालय में पेश किया जाएगा।
Author: Darpan 24 News










