
विशेष संवाददाता, शेखपुरा :_निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने कार्रवाई करते हुए जिला परिवहन कार्यालय (DTO), शेखपुरा में पदस्थापित निम्नवर्गीय लिपिक (क्लर्क) कुणाल कुमार को 15,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। लिपिक को कार्यालय के वरीय लिपिक कक्ष से गिरफ्तार किया गया।

जानकारी के अनुसार, अरियारी थाना क्षेत्र के डीहा निवासी राजू प्रसाद ने पटना स्थित निगरानी ब्यूरो कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। परिवादी का आरोप था कि उनके एग्रीकल्चर ट्रैक्टर (सं० UP 30AC 4378) का बिहार नंबर आवंटित करने के एवज में क्लर्क कुणाल कुमार द्वारा 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी टीम ने मामले का गुप्त सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके उपरांत अनुसंधानकर्त्ता पुलिस निरीक्षक अरूण कुमार सिंह के अनुरोध पर पुलिस उपाधीक्षक राजेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष धावादल का गठन किया गया।
मंगलवार को जैसे ही परिवादी ने जिला परिवहन कार्यालय के वरीय लिपिक कक्ष में आरोपी क्लर्क को रिश्वत की राशि सौंपी, घात लगाए बैठी निगरानी टीम ने उसे धर दबोचा। आरोपी लिपिक से पूछताछ के बाद उसे विशेष निगरानी न्यायालय, भागलपुर में पेश किया जाएगा।
Author: Darpan 24 News










