जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक सम्पन्न।

SWM नियमावली-2026 के अनुपालन एवं स्वच्छता योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा।

बेतिया। जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष, जिला जल एवं स्वच्छता समिति, पश्चिम चंपारण, बेतिया की अध्यक्षता में आज कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली, 2026 के अनुपालन तथा जिले में संचालित स्वच्छता एवं जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में 4-Way Source Segregation (चार प्रकार से कचरे के पृथक्करण) की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी द्वारा जिला पंचायती राज पदाधिकारी को विभागीय दिशा-निर्देशों के आलोक में सभी ग्राम पंचायतों में इसके प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
साथ ही, SWM नियमावली, 2026 के प्रावधानों के प्रभावी अनुपालन हेतु उप विकास आयुक्त को जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों का अभिमुखीकरण (Orientation) आयोजित कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया, ताकि नियमावली के प्रावधानों की जानकारी सभी संबंधित पदाधिकारियों को उपलब्ध हो सके।
बैठक में जिला जल एवं स्वच्छता समिति के एजेंडे के अनुरूप ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव, महादलित टोलों में शौचालय निर्माण, सामुदायिक स्वच्छता परिसरों की क्रियाशीलता, कचरे से जैविक खाद निर्माण, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, जलापूर्ति योजनाओं की क्रियाशीलता, बंद चापाकलों की मरम्मत, पेयजल संबंधी शिकायतों के निष्पादन, जल गुणवत्ता की निगरानी तथा हर घर जल प्रमाणीकरण सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की गई।
बैठक में संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए जिले में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जाए तथा SWM नियमावली, 2026 के प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में नगर आयुक्त, नगर निगम, शिवाक्षी दीक्षित सहित सिविल सर्जन-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी; जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, आईसीडीएस, कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, VB-G-RAM G, जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Mr.M.H. Khan










