
दरभंगा जिले के सिमरी थाना क्षेत्र से एक बेहद दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जहां जन्माष्टमी मेले के दौरान हुए विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। कुम्हरपट्टी स्कूल में आयोजित जन्माष्टमी मेले में सेवा दे रहे कमेटी सदस्य कमलेश कुमार की अपराधियों ने चाकू गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी।


घटना शनिवार देर रात लगभग 1 बजे की है। कमलेश कुमार, जो पिछले कई वर्षों से कुम्हरपट्टी स्कूल जन्माष्टमी मेला कमेटी के सक्रिय सदस्य के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे, उस रात भी मेले की सुरक्षा और व्यवस्था में तैनात थे।
इसी दौरान कंसी गांव के कुछ असमाजिक तत्व मेले में हुड़दंग मचाने की नीयत से पहुंचे। जब कमलेश ने उन्हें रोका, तो वे लोग पहले वापस चले गए। लेकिन कुछ ही देर बाद, 10 से 12 युवकों का एक झुंड हथियारों से लैस होकर आया और कमलेश पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अपराधियों ने कमलेश के पेट में कई बार चाकू से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

कमलेश को बचाने आए कमेटी के एक अन्य सदस्य पर भी हमलावरों ने वार किया, जिससे वे भी गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए डीएमसीएच दरभंगा ले जाया गया। लेकिन घाव इतने गहरे थे कि डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद कमलेश कुमार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायल सदस्य का इलाज फिलहाल अस्पताल में जारी है।
मृतक कमलेश के भाई के अनुसार, यह पूरी घटना विशुद्ध रूप से मेले के दौरान हुए विवाद से जुड़ी है। इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश या अन्य वजह नहीं थी। कमलेश केवल अपनी ड्यूटी निभा रहे थे और मेले में शांति बनाए रखने की कोशिश कर रहे थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिमरी थाना पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आई। मृतक के परिजनों के मुताबिक, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 8 से 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य की तलाश में छापेमारी जारी है।
त्योहारों के इस माहौल में इस तरह की हिंसक घटनाएं समाज के लिए चिंता का विषय हैं। एक सेवाभावी युवक की इस तरह से जान चले जाना बेहद दुखद है। हम उम्मीद करते हैं कि पुलिस इस मामले में सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाएगी।
Author: Darpan 24 News










