श्रावणी मेला को लेकर बाबा कुशेश्वरस्थान मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था का वरीय अधिकारियों ने लिया जायजा

श्रद्धालुओं की सुविधा,सुगम दर्शन एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

दरभंगा, 24 अगस्त 2026 :- श्रावणी मेला के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन तथा विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से आज पुलिस उपमहानिरीक्षक, मिथिला क्षेत्र, दरभंगा श्री मनोज कुमार तिवारी, जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक दरभंगा श्री जगुनाथ रड्डी जला रड्डी, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक दरभंगा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बिरौल सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों द्वारा बाबा कुशेश्वरस्थान मंदिर के परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर, श्रद्धालुओं के आवागमन वाले मार्गों, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था तथा विधि-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं का स्थल पर जायजा लिया।

 

अधिकारियों द्वारा श्रावणी मेला के दौरान संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल की तैनाती एवं ड्यूटी प्वाइंट का भी निरीक्षण किया गया।

 

पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्देश दिया।

 

निरीक्षण के क्रम में विधि-व्यवस्था ड्यूटी में तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को अपने स्तर से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने कहा कि श्रावणी मेला में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह एलर्ट रहें।

 

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को मंदिर में दर्शन-पूजन के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई नहीं हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

 

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा भीड़ की प्रत्येक गतिविधि पर पुलिस प्रशासन लगातार नजर बनाए रखे।

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित रूप से भ्रमण करते हुए स्थिति का जायजा लेते रहें। भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं तथा श्रद्धालुओं के आवागमन को व्यवस्थित एवं सुगम बनाए रखा जाए।

 

वरीय पुलिस अधिकारियों ने भी ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

 

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेला अवधि में सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ संचालित करने पर विशेष बल दिया। साथ ही, श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन एवं पुलिस के पदाधिकारियों को लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर स्थिति पर नजर रखने का निर्देश दिया गया।

 

जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं से भी अपील की गई कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग एवं व्यवस्था का पालन करें, भीड़ के दौरान धैर्य बनाए रखें तथा सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक कर्मियों का सहयोग करें।

 

Darpan 24 News
Author: Darpan 24 News


Leave a Comment

और पढ़ें