शादी समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो ने ट्रक में मारी टक्कर, तीन की मौत, सात घायल।

औरंगाबाद में बड़ा सड़क हादसा हुआ है!घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एनएच -19 पर देव मोड़ स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप की है। जानकारी के अनुसार सभी लोग स्कॉर्पियो गाड़ी से शादी समारोह में शामिल होकर धनबाद लौट रहे थे। गाड़ी में कुल 10 लोग सवार थे. वाहन जैसे ही देव मोड़ के पास पहुंचा, सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई।

 

मृतकों में तेज नारायण गुप्ता एवं विकास कुमार चौहान (30 वर्ष) की पहचान हो चुकी है.वही, एक अन्य मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।

 

घायलों में चालक दीनबंधु प्रसाद, मृतक तेज नारायण गुप्ता की पत्नी निशा देवी, फुलवंती देवी, अमित कुमार, दिलीप कुमार (सभी बोकारो कुम्हारी निवासी), राजेश कुमार (धनबाद) एवं शिव शंकर कुमार (बाघमारा) शामिल हैं।

सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल औरंगाबाद में चल रहा है. बताया जाता है कि सभी लोग उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में अपने रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने गए थे।

 

25 फरवरी को विवाह संपन्न होने के बाद 26 फरवरी को धनबाद लौटने के दौरान यह हादसा हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई।

 

इधर, औरंगाबाद जिला परिषद की बैठक से लौट रहे जिला पार्षद सदस्य शंकर यादव ने सड़क किनारे घायलों को तड़पते देखा तो तत्काल उन्हें सदर अस्पताल भिजवाया तथा परिजनों को सूचना दी. उन्होंने अस्पताल की व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिससे गंभीर मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

 

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा मामले की जांच की जा रही है. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है. मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हुई है. जबकि सात लोग जख्मी हैं. मृतकों का शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। वहीं जख्मियों का इलाज चल रहा है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Mr.M.H.Khan
Author: Mr.M.H.Khan

Editor in Chief

Leave a Comment

और पढ़ें