बेतिया:_ पश्चिम चंपारण जिले की शिकारपुर थाना पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए लापता हुए दो मासूम बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम आजूआ स्थित एक चिमनी भट्ठा पर काम करने वाले परिजनों के दो बच्चे, 10 वर्षीय गुन्ना कुमार और 8 वर्षीय शिवम कुमार, बीते बुधवार की दोपहर अचानक कहीं चले गए थे। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद जब बच्चों का पता नहीं चला, तो गुरुवार सुबह 9:00 बजे शिकारपुर थाने में इसकी लिखित सूचना दी गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कांड संख्या 242/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बेतिया पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नरकटियागंज के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय आसूचना का सहारा लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और महज दो घंटे के भीतर दोनों बच्चों को लौरिया से सकुशल बरामद कर लिया। बरामद बच्चे मूल रूप से बगहा जिला के बाल्मीकि नगर थाना अंतर्गत भैसा लोटन के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है और पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
इस सफल अभियान के बाद पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि बच्चों की गुमशुदगी जैसी घटनाओं की सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही, पुलिस ने सोशल मीडिया पर बच्चों के अपहरण को लेकर फैल रही भ्रामक खबरों पर लगाम लगाने की हिदायत दी है। पुलिस अधीक्षक ने संदेश दिया है कि बिना सत्यापन के किसी भी सूचना को साझा न करें क्योंकि जांच में ऐसी खबरें अक्सर निराधार पाई जा रही हैं। अभिभावकों से भी अनुरोध किया गया है कि वे बच्चों पर विशेष ध्यान दें, उन्हें नियमित स्कूल भेजें और सरकारी शिक्षा योजनाओं का लाभ उठाकर उनका भविष्य उज्ज्वल बनाएं।
Author: Mr.M.H.Khan
Editor in Chief









