दरभंगा में ASI को मारी गोली, डीएमसीएच में चल रहा इलाज, अपराधियों की तलाश जारी

 

बिहार में अपराध पर लगाम लगाने के पुलिस के दावों के बीच दरभंगा से एक बड़ी खबर सामने आई है। सकतपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक एएसआई को गोली मार दी गई। घटना में घायल एएसआई का इलाज डीएमसीएच में चल रहा है। आखिर पुलिसकर्मी पर गोली किसने और क्यों चलाई? फिलहाल इन सवालों का जवाब सामने नहीं आया है!

दरअसल, सकतपुर थाना में तैनात एएसआई रणधीर कुमार को उजान गांव के पास बदमाशों ने गोली मार दी। गोली उनके बाएं पैर में घुटने के नीचे लगी और आर-पार हो गई। घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
फिलहाल डीएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, घायल एएसआई खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। अस्पताल में उनसे मिलने पुलिस के वरीय अधिकारी और पुलिस एसोसिएशन के पदाधिकारी भी पहुंचे।
हालांकि, अब तक गोलीबारी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

अब सवाल यह है कि जब पुलिसकर्मी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या भरोसा? क्या बिहार में अपराध पर नियंत्रण हो रहा है या अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं? फिलहाल सबकी नजर पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी है।

Mr.M.H. Khan
Author: Mr.M.H. Khan


Leave a Comment

और पढ़ें