बेतिया-सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की ओर से आयोजित अंतर सीमांत कबड्डी प्रतियोगिता-2026 की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. प्रतियोगिता का आयोजन 5 से 7 अक्टूबर तक बेतिया के जिला खेल परिसर स्थित खेल भवन में किया जायेगा. प्रतियोगिता का उद्घाटन सीमांत पटना के एसएसबी आईजी निशीत कुमार उज्जवल करेंगे.

एसएसबी बेतिया क्षेत्रक के डीआईजी हरिप्रकाश ने बताया कि प्रतियोगिता के आयोजन की जिम्मेदारी क्षेत्रक मुख्यालय, बेतिया एवं 65वीं वाहिनी एसएसबी को संयुक्त रूप से सौंपी गयी है. प्रतियोगिता को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. इसमें एसएसबी की विभिन्न टीमों के जवान हिस्सा लेंगे.
मस्कट गंगा नदी की डॉल्फिन से प्रेरित है, जिसे बिहार की समृद्ध प्राकृतिक विरासत एवं जैव विविधता के जीवंत प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया गया है. मस्कट को खेल भावना, ऊर्जा, उत्साह, साहस और टीम भावना का प्रतीक बनाया गया है.
डीआईजी ने कहा कि जिस प्रकार डॉल्फिन अपनी स्फूर्ति और गति से आगे बढ़ती है, उसी प्रकार प्रतियोगिता में एसएसबी के खिलाड़ी ऊर्जा और उत्साह के साथ बेहतर प्रदर्शन करेंगे. सीमावर्ती क्षेत्रों में भारत-नेपाल एवं भारत-भूटान की खुली और संवेदनशील सीमाओं की सुरक्षा के साथ एसएसबी जवानों की ओर से स्थानीय लोगों के बीच स्वास्थ्य शिविर, शिक्षा, खेल एवं कौशल विकास जैसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम भी चलाये जाते हैं.
Author: Sanjay Kumar Sahni









