
बेतिया: गंडक नदी के जलग्रहण क्षेत्र और चंद्रावत नदी के जलस्तर में हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए बेतिया नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित ने संबंधित वार्डों का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ स्थानीय वार्ड पार्षद, प्रतिनियुक्त पदाधिकारी और निगम कर्मी मौजूद रहे। नगर निगम प्रशासन ने किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए राहत और बचाव कार्यों से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने जल निकासी को सुचारू बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। चंद्रावत नदी में बहकर आने वाली जलकुंभी और कचरे को लगातार जेसीबी मशीनों की मदद से हटाया जा रहा है, ताकि पानी का बहाव बाधित न हो। इसके अलावा सभी प्रमुख घाटों पर पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों और आवश्यक संसाधनों की तैनाती की गई है। नगर आयुक्त ने मौके पर तैनात सभी अधिकारियों और कर्मियों को पूरी तत्परता, सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने का सख्त निर्देश दिया।
नगर निगम प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सतर्क रहने और सहयोग की अपील की है। लोगों से आग्रह किया गया है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा नदी घाटों और पुलों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं। किसी भी आपात स्थिति अथवा जलजमाव की समस्या होने पर तुरंत नगर निगम प्रशासन या जिला आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष को सूचना देने को कहा गया है, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
Author: Sanjay Kumar Sahni











