
पूर्णिया :_बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की ताबड़तोड़ कार्रवाइयां लगातार जारी हैं और विभाग आए दिन घूसखोर व भ्रष्ट अधिकारियों को बेनकाब कर रहा है। इसके बावजूद सरकारी तंत्र में बैठे भ्रष्ट मुलाजिम सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह है कि कम उम्र में ही सरकारी सेवा में आए ऐसे अधिकारी भ्रष्टाचार और अवैध वसूली का ऐसा मकड़जाल बुन लेते हैं कि देखते ही देखते अकूत संपदा के मालिक यानी ‘राजा’ बन बैठते हैं। इसी कड़ी में ताजा मामला भवन निर्माण विभाग, पूर्णिया प्रमंडल के अधीक्षण अभियंता सत्येन्द्र कुमार चौधरी का सामने आया है, जिनके खिलाफ निगरानी ब्यूरो ने आय से अधिक संपत्ति का बड़ा मामला दर्ज करते हुए बुधवार को पटना और पूर्णिया के ठिकानों पर एक साथ धावा बोला।


निगरानी थाना में 14 सितंबर को दर्ज कांड संख्या 109/26 के तहत अधीक्षण अभियंता सत्येन्द्र कुमार चौधरी के खिलाफ 1 करोड़ 97 लाख 58 हजार 70 रुपये के प्रत्यानुपातिक धनार्जन का केस दर्ज किया गया है। जांच में सामने आया है कि उन्होंने अपनी ज्ञात आय से करीब 68 फीसदी अधिक अवैध संपत्ति बटोरी है। वर्ष 2011 से 2025 के बीच उन्होंने अपने, अपनी पत्नी उषा देवी और सास के नाम से कुल 7 अचल संपत्तियां खड़ी कीं, जिनकी कीमत 3.60 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। इसके अलावा 26 लाख रुपये की चल संपत्ति का भी पता चला है। इन अचल संपत्तियों में पटना के फुलवारी शरीफ में एक जमीन पर बना भव्य मकान, नौबतपुर में करीब 74 डिसमिल के 4 भूखंड और दानापुर में 7.18 डिसमिल जमीन शामिल है।
विशेष न्यायालय से सर्च वारंट हासिल करने के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की तीन टीमों ने 16 सितंबर को सत्येन्द्र कुमार चौधरी के पटना स्थित दो आवासों (ए.जी. कॉलोनी और फुलवारी शरीफ) तथा पूर्णिया स्थित कार्यालय व आवास पर छापेमारी शुरू की। तलाशी के दौरान फुलवारी शरीफ में उनका एक पांच मंजिला आलीशान मकान मिला है, जो लिफ्ट, सोलर पैनल, महंगे फर्नीचर और करीब 10 एसी से लैस है। इसके साथ ही ए.जी. कॉलोनी में एक तीन मंजिला संयुक्त मकान, ग्रेटर नोएडा में एक फ्लैट, एक हुंडई कार, एक लाख रुपये नकद, सोना-चांदी और हीरे के जेवरात तथा बैंक व एलआईसी में भारी निवेश के दस्तावेज बरामद हुए हैं। निगरानी की टीमें देर रात तक तलाशी अभियान में जुटी रहीं और बरामद मकानों व आभूषणों का विधिवत मूल्यांकन कराया जा रहा है, जिससे अवैध कमाई का आंकड़ा और ऊपर जाने की पूरी संभावना है।
Author: Darpan 24 News











