
दरभंगा :_ सी. एम. साइंस कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में बृहस्पतिवार को महाविद्यालय के उद्यान में ‘वृक्ष रक्षा बंधन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वृक्षों को रक्षा सूत्र बांधकर इसके संरक्षण, संवर्धन एवं पर्यावरण के प्रति प्रेम, जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता की भावना को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक अपनी सहभागिता दी। इस अवसर पर वृक्षों के प्रति सम्मान और संरक्षण की भावना को अभिव्यक्त करते हुए उनके साथ आत्मीय संबंध स्थापित करने का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए वृक्षों को रक्षा सूत बांधकर इसकी रक्षा एवं देखभाल का संकल्प लिया।

महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. संजीव कुमार मिश्र ने पर्यावरण संरक्षण में वृक्षों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि निरंतर निभाई जाने वाली सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों को वृक्षारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. युगेश्वर साह के मार्गदर्शन में किया गया। मौके पर उन्होंने कहा कि ‘वृक्ष रक्षा बंधन’ प्रकृति के साथ हमारे आत्मीय संबंध, पर्यावरण के प्रति हमारी संवेदनशीलता और वृक्षों के संरक्षण के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता के लिए सभी शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में डॉ. यू. के. दास, डॉ. सुजीत कुमार चौधरी, डॉ. आदित्य नाथ मिश्र, डॉ. रवि रंजन, डॉ. रश्मि रेखा, डॉ. अभिषेक शेखर, डॉ. अवध बिहारी यादव एवं डॉ. पंकज चौधरी सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। शिक्षकेत्तर कर्मचारियों में लीला कुमारी, डॉ. प्रवीण कुमार झा, राम शंकर भंडारी, चेतकर झा, सुमित शर्मा, अपर्णा, जरीना खातून एवं मुशाहिद आदि ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की। एनएसएस स्वयंसेवकों काम्या, जोहा, मेहविश, आयशा, प्रतिभा, भावना, शिवम, अविनाश, गोविंद, राखी, साब्रा, मशीराह, संजीत, अदिति आदि ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के माध्यम से महाविद्यालय परिसर में ‘वृक्ष बचाएँ, पर्यावरण बचाएँ’ का संदेश प्रसारित किया गया और प्रकृति के संरक्षण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को मजबूत किया गया। यह आयोजन वृक्षों के संरक्षण के साथ-साथ विद्यार्थियों एवं समाज में पर्यावरणीय चेतना विकसित करने की दिशा में एक सार्थक पहल रहा।
Author: Darpan 24 News










