स्कूल ठीक करो–शिक्षा सबको दो’ अभियान चलाने का आह्वान

बेतिया, 24 अगस्त 2026:_पश्चिम चम्पारण के बेतिया स्थित 1942 के शहीदों के स्मारक पर रिवोल्यूशनरी यूथ एसोसिएशन (RYA) के जिला अध्यक्ष फरहान राजा ने पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि 1942 के शहीदों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया था। आज उनके सपनों के भारत में शिक्षा, रोजगार, लोकतांत्रिक अधिकार और समान अवसर की लड़ाई को आगे बढ़ाना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।
*RYA जिला अध्यक्ष ने कहा कि “स्कूल ठीक करो–शिक्षा सबको दो”* अभियान को व्यापक रूप से चलाने की जरूरत है। भाजपा सरकार प्राथमिक विद्यालयों को मर्जर के नाम पर बंद करने की नीति अपना रही है। इसका सबसे अधिक नुकसान गरीब, मजदूर, दलित, पिछड़े और कमजोर तबकों के बच्चों को हो रहा है, जिन्हें अपने गांव के पास गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अधिकार मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि दूसरी ओर उच्च शिक्षा लगातार महंगी की जा रही है। फीस में भारी बढ़ोतरी कर गरीब और कमजोर समुदाय के बच्चों को उच्च शिक्षा से दूर करने की कोशिश की जा रही है। सरकार को शिक्षा का निजीकरण और व्यवसायीकरण बढ़ाने के बजाय सरकारी स्कूलों-कॉलेजों को मजबूत करना चाहिए तथा हर बच्चे के लिए समान और मुफ्त गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
फरहान राजा ने कहा कि सवाल पूछने, तर्क करने और सरकार की गलत नीतियों की आलोचना करने वालों को डराने-धमकाने की राजनीति लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। सरकार आलोचना को दबाने के बजाय युवाओं और छात्रों की आवाज सुने। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति देशद्रोह नहीं, बल्कि लोकतंत्र की ताकत है। युवाओं की इस आवाज को दबाने के बजाय सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से बातचीत करनी चाहिए।
RYA ने आह्वान किया कि शहीदों की विरासत को आगे बढ़ाते हुए गांव-गांव *“स्कूल ठीक करो–शिक्षा सबको दो”* अभियान चलाया जाए और सरकारी शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए व्यापक जनआंदोलन खड़ा किया जाए।
पंकज जी,सुरेंद्र चौधरी, सलामत,नवीन कुमार, अमजद खान, अमित कुमार, राजन, रंजीत कुमार, धर्मेंद्र बिंद, शैलेश कुमार सहित दर्जनों नौजवान शामिल हुए।
Author: Darpan 24 News











