
बेतिया:_पश्चिम चम्पारण के नरकटियागंज अंतर्गत शिकारपुर थाना में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। विजिलेंस की टीम ने जाल बिछाकर शिकारपुर थाने में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक उपेंद्र कुमार विद्यार्थी को ₹4,000 रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, ASI उपेंद्र कुमार विद्यार्थी द्वारा किसी मामले में लाभ पहुंचाने और मदद करने के एवज में अवैध राशि की मांग की गई थी। पीड़ित द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद विजिलेंस की टीम ने मामले का विधिवत सत्यापन किया और तय योजना के अनुसार जाल बिछाया। तय समय पर जैसे ही एक चाय की दुकान पर आरोपी ASI ने रिश्वत की रकम हाथ में ली, पहले से घात लगाकर तैयार निगरानी टीम ने उन्हें मौके पर ही रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी को अपनी कस्टडी में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है।
गौरतलब है कि शिकारपुर थाने पर निगरानी विभाग का यह पहला बड़ा शिकंजा नहीं है। कुछ ही महीने पहले भी इसी थाने में तैनात एक महिला एसआई को रिश्वतखोरी के मामले में विजिलेंस की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया था*। अब एक बार फिर उसी थाने के एएसआई की गिरफ्तारी के बाद शिकारपुर थाना परिसर समेत पूरे पुलिस महकमे में भारी हड़कंप मच गया है।
Author: Darpan 24 News











