बच्चा चोरी की अफवाहों पर न दें ध्यान, कानून हाथ में लेने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई:_एसपी शौर्य सुमन

 

बेतिया:_पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया और आम चर्चाओं में बच्चा चोरी की भ्रामक अफवाहें तेजी से प्रसारित हो रही हैं, जिससे आम जनता के बीच अनावश्यक डर का माहौल बन गया है। इन आधारहीन सूचनाओं के कारण कई जगहों पर भीड़ द्वारा निर्दोष मजदूरों, भिखारियों और बाहरी व्यक्तियों को संदेह के आधार पर निशाना बनाने और उनके साथ मारपीट करने की दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए बेतिया के पुलिस अधीक्षक शौर्य सुमन ने आम नागरिकों से विशेष अपील जारी की है।

एसपी शौर्य सुमन ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जिले में बच्चा चोरी करने वाले किसी भी संगठित गिरोह के सक्रिय होने की सूचना नहीं है और इस तरह की तमाम खबरें पूरी तरह से बेबुनियाद और झूठी हैं। उन्होंने जनता को आगाह किया है कि अफवाहों के प्रभाव में आकर किसी भी व्यक्ति पर हमला करना या उसे प्रताड़ित करना गंभीर कानूनी अपराध है। यदि कोई भी व्यक्ति किसी संदिग्ध गतिविधि को देखता है, तो उसे स्वयं कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल डायल 112 या अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करना चाहिए। पुलिस प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा की है और चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने या हिंसा में शामिल होने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Mr.M.H.Khan
Author: Mr.M.H.Khan

Editor in Chief

Leave a Comment

और पढ़ें