17 से ज्यादा स्थानों पर पाई गईं अनियमितताएं, बिना लाइसेंस संचालित दुकान में दवाएं सील, दुकानदार के विरुद्ध अभियोजन की कार्रवाई जारी

पटना के जीएम रोड में मिलीं संदिग्ध दवाएं, संबंधित निर्माता कंपनियों से कराया जा रहा सत्यापन

पटना :_ राज्य में गुणवत्तापूर्ण दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा दवाओं के अवैध निर्माण एवं बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से राज्य औषधि नियंत्रण विभाग द्वारा गुरुवार को विभिन्न जिलों में निजी दवा दुकानों पर सघन जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान राज्यभर में कुल 34 स्थानों पर जांच की गई। प्रारंभिक जांच में 17 से ज्यादा स्थानों पर अनियमितताएं पाई गई हैं। वहीं, बिना लाइसेंस संचालित एक दवा दुकान में दवाओं को सील किया गया है, जिसके आलोक में संबंधित दवा दुकानदार के विरुद्ध अभियोजन की कार्रवाई की जा रही है।
यह अभियान मुख्य रूप से पटना, मधेपुरा, पूर्णिया, भोजपुर, वैशाली, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, दरभंगा, सुपौल, सारण, औरंगाबाद, भागलपुर, गयाजी, बक्सर, कटिहार, कैमूर, मधुबनी और मुंगेर में चलाया गया।

पटना के जीएम रोड स्थित दवा प्रतिष्ठानों में विशेष जांच
पटना के जीएम रोड स्थित सागर मेडिको, मुरली फार्मा और पॉपुलर नामक दवा प्रतिष्ठानों में विशेष जांच की गई।
सागर मेडिको से संदेह के आधार पर चार आयुर्वेदिक दवाओं के नमूने लिए गए हैं। इन नमूनों की जांच कर यह पता लगाया जाएगा कि इनमें एलोपैथिक औषधीय तत्वों का मिश्रण तो नहीं किया गया है।
मुरली फार्मा में जांच के दौरान दवाओं की खरीद-बिक्री एवं रिकॉर्ड के रखरखाव से संबंधित कई अनियमितताएं पाई गईं। प्रतिष्ठान द्वारा टीबी (क्षय रोग) के उपचार में इस्तेमाल होने वाली तीन दवाओं एवं एनआरएक्स (NRx) श्रेणी की एक दवा की बिक्री से संबंधित रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराया गया। इसके अतिरिक्त, दो अन्य दवाओं की खरीद से संबंधित रिकॉर्ड भी प्रस्तुत नहीं किए गए। जांच के दौरान प्रतिष्ठान में शेड्यूल एच-1 (Schedule H1) का अनिवार्य रजिस्टर भी नहीं पाया गया। साथ ही, दवाओं की बिक्री से संबंधित अन्य रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं कराए गए।

मुरली फार्मा में जांच के दौरान एजिथ्राल-500 (Azithral 500) नामक संदिग्ध दवा भी पाई गई, जिस पर अंकित क्यूआर कोड स्कैन नहीं हो पा रहा था। उक्त दवा की एक स्ट्रिप को निर्माता कंपनी से प्रामाणिकता का सत्यापन कराने के लिए लिया गया है। सत्यापन रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, पॉपुलर से पांच दवाओं को उनकी प्रामाणिकता की जांच के लिए संबंधित निर्माता कंपनी को भेजा गया है। प्रारंभिक स्तर पर कंपनी ने इन दवाओं के अपने उत्पाद होने को लेकर संदेह व्यक्त किया है। दवाओं की तस्वीरों के मिलान में भी भिन्नता पाई गई है। कंपनी की विस्तृत जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भोजपुर एवं सारण में भी की गई विशेष कार्रवाई
भोजपुर जिले के पीरो स्थित रंजन मेडिकल एजेंसी में जांच के दौरान नारकोटिक श्रेणी की औषधि पाई गई है। इस संबंध में आवश्यक जांच की जा रही है।
वहीं, छपरा स्थित एक दवा दुकान में कुछ ऐसी दवाएं पाई गई हैं, जिनकी निर्माण अनुमति, औषधीय संरचना एवं लेबलिंग को लेकर संदेह है। इस संबंध में संबंधित निर्माता कंपनी से पत्राचार कर आवश्यक दस्तावेजों एवं तथ्यों का सत्यापन किया जाएगा।
*राज्यभर में जारी रहेगा विशेष छापेमारी अभियान
राज्य औषधि नियंत्रण विभाग द्वारा सभी सहायक औषधि नियंत्रकों एवं औषधि निरीक्षकों को दवाओं के अवैध निर्माण, बिक्री तथा सरकारी दवाओं के दुरुपयोग से संबंधित मामलों की निरंतर जांच करने का निर्देश दिया गया है।
आगामी दिनों में भी राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष छापेमारी अभियान एवं औचक निरीक्षण जारी रहेगा। सरकारी दवाओं की अवैध बिक्री, बिना लाइसेंस दवाओं की बिक्री, बिना अनुमति दवाओं के निर्माण, दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित अनिवार्य रिकॉर्ड का संधारण नहीं करने एवं औषधि संबंधी नियमों के उल्लंघन के मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Author: Darpan 24 News










