पहले बेटी की शादी, फिर देंगे नोटिस का जवाब’ विधानसभा स्पीकर के अल्टीमेटम पर बोले मोकामा विधायक अनंत सिंह

पटना: _मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने बिहार विधानसभा द्वारा मिले नोटिस पर स्पष्ट रुख अपनाते हुए कहा है कि वह अपनी बेटी की शादी संपन्न होने के बाद ही इसका जवाब देंगे।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा द्वारा अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता समाप्त करने को लेकर विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार के समक्ष एक आवेदन दिया गया था। इस आवेदन पर संज्ञान लेते हुए स्पीकर प्रेम कुमार ने मोकामा विधायक को 7 दिनों के भीतर अपना पक्ष रखने और जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है।
विधानसभा से मिले इस नोटिस पर प्रतिक्रिया देते हुए अनंत सिंह ने बेबाक अंदाज में कहा कि अभी उनकी प्राथमिकता बेटी की शादी है। उन्होंने कहा, “पहले अपना काम करूंगा, फिर जवाब दूंगा। इसमें कोई दिक्कत नहीं है।”
इसके साथ ही सियासी दूरियों और मतभेदों को दरकिनार करते हुए अनंत सिंह ने स्पष्ट किया कि वे बेटी की शादी का निमंत्रण देने के लिए राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव समेत सभी प्रमुख नेताओं के घर खुद जाएंगे। उन्होंने कहा, “नेतागिरी अपनी जगह है और पारिवारिक रिश्ते अपनी जगह।”

Mr.M.H. Khan
Author: Mr.M.H. Khan


Leave a Comment

और पढ़ें