दरभंगा में करोड़ों की लूट, सोना_चांदी और नगद शामिल

 

दरभंगा:_ नगर थाना क्षेत्र के बड़ा बाजार स्थित एक ज्वैलरी दुकान में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई बड़ी लूट की घटना से पूरे शहर में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, चार हथियारबंद अपराधियों ने “प्रेम ज्वैल्स” नामक दुकान में धावा बोलकर करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य के सोना-चांदी के आभूषण एवं लगभग 20 लाख रुपये नकद लूट लिए।

बताया जाता है कि उक्त दुकान स्वर्ण व्यवसायी मनोज कुमार शाह द्वारा संचालित है। घटना के दौरान अपराधी अचानक दुकान में घुसे और हथियार लहराते हुए वहां मौजूद लोगों को आतंकित कर दिया। बदमाशों ने कुछ ही मिनटों में दुकान से कीमती गहने और नकदी समेट ली और मौके से फरार हो गए।

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें सभी अपराधी मुंह ढंके हुए तेजी से भागते नजर आ रहे हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद बड़ा बाजार सहित आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल व्याप्त है। स्थानीय दुकानदारों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। पुलिस ने जल्द ही घटना का उद्भेदन कर अपराधियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।

फिलहाल, इस दुस्साहसिक लूट की घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है तथा आगे की कार्रवाई जारी है।

Mr.M.H.Khan
Author: Mr.M.H.Khan

Editor in Chief

Leave a Comment

और पढ़ें