दरभंगा जिला बहेड़ी प्रखंड के बिठौली गांव में बुधवार रात करीब 10:00–10:30 बजे नल-जल मेंटेनेंस कार्य से लौट रहे वंदना ट्रेडर्स के कर्मी शंकर राय के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। आरोप है कि वार्ड संख्या–1 की वार्ड सदस्य सुनीता देवी के पुत्र गौतम राय ने बिठौली राम जानकी मंदिर के पास उनकी मोटरसाइकिल रोककर हमला किया, जिसमें शंकर राय का हाथ टूट गया और सिर में भी चोट आई। प्राथमिक उपचार बहेड़ी में कराने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर किया गया है।

घायल शंकर राय ने मीडिया को बताया कि वे वंदना ट्रेडर्स में सुपरवाइजर जितेंद्र झा के अधीन कार्यरत हैं। विभागीय शिकायत के आधार पर वे बिठौली वार्ड–1 में सुरेश राय और सतीश राय के यहां नल लगाने पहुंचे थे। कथित रूप से आपसी विवाद के कारण वहां नल नहीं लग पाया। इसके बाद टीम चकवा भरवारी में एक इमरजेंसी कनेक्शन देने गई। वापस लौटते समय बिठौली राम जानकी मंदिर के पास उनकी बाइक रोककर मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई । फिलहाल शंकर राय को डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है उन्होंने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई
वंदना ट्रेडर्स के सुपरवाइजर जितेंद्र झा ने कहा कि घटना के बाद मजदूरों ने काम करने से इनकार कर दिया है। कंपनी को हायाघाट, बहेड़ी, अलीनगर, बेनीपुर, घनश्यामपुर और समस्तीपुर के कई प्रखंडों में मेंटेनेंस कार्य पूरा करना है। गर्मी के महीनों में पानी की किल्लत की आशंका के बीच नल-जल सेवा ही ग्रामीणों का सहारा होती है। ऐसे में काम ठप रहने से आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ सकती है।
घटना को लेकर स्थानीय थाना में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी की बात कही गई है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की स्पष्टता सामने आएगी
Author: Mr.M.H.Khan
Editor in Chief









