पटना/सीतामढ़ी: _बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी प्रखंड प्रमुख मोहम्मद अफजल आलम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है।
विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर आर्थिक अपराध इकाई ने गुरुवार,को प्रखंड प्रमुख के कुल चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की कार्रवाई शुरू की है। पुलिस उपाधीक्षक स्तर के पदाधिकारियों के नेतृत्व में यह तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
जिन चार ठिकानों पर तलाशी ली जा रही है, उनमें सीतामढ़ी के बाजपट्टी थाना अंतर्गत हरपुरवा स्थित उनका पैतृक मकान, हरपुरवा स्थित उनका निजी मकान, बाजपट्टी स्थित प्रखंड प्रमुख का सरकारी कार्यालय और मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना अंतर्गत ग्राम मकसूदपुर स्थित उनका निजी आवास शामिल है।
आर्थिक अपराध इकाई की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मोहम्मद अफजल आलम दिसंबर 2021 में पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित होने के बाद बाजपट्टी के प्रखंड प्रमुख बने थे। आरोप है कि प्रखंड प्रमुख बनने के बाद उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए भ्रष्ट तरीके से ज्ञात आय के वैध स्रोतों से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित की।
प्रारंभिक जांच में उनके पास कुल 1,25,03,500 रुपये (एक करोड़ पच्चीस लाख तीन हजार पांच सौ रुपये) की आय से अधिक संपत्ति होने के प्रथम दृष्टया साक्ष्य पाए गए हैं, जो उनकी ज्ञात वैध आय से लगभग 259.94 प्रतिशत अधिक है।
इस मामले में आर्थिक अपराध थाना में 18 नवंबर 2026 को कांड संख्या-33/26 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (यथासंशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। इसके बाद विशेष निगरानी न्यायालय, मुजफ्फरपुर से तलाशी वारंट प्राप्त कर यह कार्रवाई की जा रही है। आर्थिक अपराध प्रभाग के अनुसार, तलाशी की कार्रवाई पूरी होने के बाद इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

Author: Darpan 24 News










