गुप्त सूचना पर एनएच-27 पर पीछा कर दो अभियुक्त गिरफ्तार

शराब तस्करी में प्रयुक्त Renault Duster (BR-01CE-3524) जब्त, सिमरी थाना क्षेत्र में हुई कार्रवाई
दरभंगा :-आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं सेवन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए मद्यनिषेध विभाग द्वारा लगातार सघन छापेमारी एवं विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में सहायक आयुक्त मद्यनिषेध श्री प्रदीप कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर मद्यनिषेध विभाग की टीम ने सिमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-27 के किनारे से करीब पौने दो लाख की 142.500 लीटर विदेशी शराब बरामद करते हुए तस्करी में प्रयुक्त एक Renault Duster कार (BR-01CE-3524) जब्त की है। *इस कार्रवाई में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।*
उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिलने पर मद्यनिषेध विभाग की टीम मब्बी थाना क्षेत्र स्थित बाजार समिति चौक पर उक्त वाहन के आने का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान रात्रि में टॉर्च की रोशनी से वाहन को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन चालक वाहन को घुमाकर पुनः मुजफ्फरपुर रूट की ओर भागने लगा। इसके बाद टीम ने वाहन का पीछा किया। सिमरी थाना क्षेत्र में एनएच-27 के समीप चालक एवं उसके सहयोगी ने कार को सड़क किनारे खड़ी कर भागने का प्रयास किया, लेकिन मद्यनिषेध विभाग के कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को खदेड़कर पकड़ लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सदर थाना क्षेत्र के बुच्चामन लालू नगर, वार्ड संख्या-03 निवासी राज कुमार (कार चालक) तथा सदर थाना क्षेत्र के ही रानीपुर, बासुदेवपुर, वार्ड संख्या-06 निवासी प्रेम कुमार के रूप में हुई है।
उन्होंने कहा कि मद्यनिषेध विभाग द्वारा दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Author: Darpan 24 News










