बेतिया: _लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर शहर में की जा रही तैयारियों के बीच छावनी ओवरब्रिज पर लगाई गई नई लाइटों की व्यवस्था में तकनीकी खामियां सामने आई हैं। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ओवरब्रिज पर हाल ही में प्रकाश की व्यवस्था की गई थी, लेकिन कम क्षमता वाली लाइटें लगने के कारण सड़क तक पर्याप्त रोशनी नहीं पहुंच पा रही है।
स्थानीय लोगों और राहगीरों के अनुसार, पुल की ऊंचाई के हिसाब से लगाई गई लाइटों की क्षमता काफी कम है, जिससे रात के समय ओवरब्रिज पर अंधेरे जैसी स्थिति बनी रहती है। इसके अतिरिक्त, लाइटें लगने के महज चौबीस घंटे के भीतर ही तकनीकी खराबी के कारण कई स्थानों पर बल्ब बंद पड़ गए हैं। महापर्व के दौरान इस मार्ग से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन होता है, ऐसे में नई लाइटों के जल्द खराब होने और कम रोशनी की समस्या से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। स्थानीय नागरिकों ने त्योहार के मद्देनजर जल्द से जल्द खराब लाइटों को दुरुस्त करने और पुल पर पर्याप्त रोशनी के लिए अधिक क्षमता वाली लाइटें लगाने की अपेक्षा जताई है।

Author: Mr.M.H. Khan










