वैशाली :_ आधुनिक भारत के निर्माता एवं देश के प्रथम प्रधानमंत्री स्वर्गीय पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की 137वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को जंदाहा प्रखंड कांग्रेस कमिटी की ओर से प्रखंड अध्यक्ष चंदन झा की अध्यक्षता में उनके आवास पर जयंती समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों ने पंडित नेहरू जी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।


इस मौके पर वैशाली जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष रंजीत पंडित ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू केवल स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री ही नहीं, बल्कि आधुनिक, वैज्ञानिक, लोकतांत्रिक और प्रगतिशील भारत की मजबूत नींव रखने वाले दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत किया तथा शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, उद्योग और कृषि के क्षेत्र में विकास की आधारशिला रखी। उनके विचार, लोकतांत्रिक मूल्य और धर्मनिरपेक्षता के प्रति प्रतिबद्धता आज भी देश के लिए प्रासंगिक हैं।
जंदाहा प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष चंदन झा एवं अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष उत्तम ठाकुर ने कहा कि पंडित नेहरू का जीवन त्याग, संघर्ष, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने बच्चों को देश का भविष्य मानते हुए उनके सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया। उनके आदर्शों पर चलकर ही एक समतामूलक, शिक्षित और विकसित भारत का निर्माण किया जा सकता है।
समता महाविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व उपाध्यक्ष राजकिशोर कुमार ने कहा कि पंडित नेहरू ने युवाओं और विद्यार्थियों को देश के भविष्य का निर्माता माना था। शिक्षा, वैज्ञानिक सोच और तार्किक दृष्टिकोण को बढ़ावा देना उनके विचारों का महत्वपूर्ण हिस्सा था। आज की युवा पीढ़ी को उनके जीवन और विचारों से प्रेरणा लेनी चाहिए।
इस अवसर पर मो. सलीम, मो. मुन्ना, सुबोध पासवान, शशि कुमार सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
Author: Darpan 24 News










